हरदोई में पकड़िया का पेड़ गिरने से बच्ची की मौत:मकान की दीवार ढही, मलबे में दबकर माता-पिता घायल
हरदोई जनपद में बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक हादसा हुआ। तेज हवा और बारिश के बीच एक बड़ा पकरिया का पेड़ एक मकान की पक्की दीवार पर गिर गया। दीवार ढह गई और मलबे में दबकर एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। उसके माता-पिता घायल हो गए। सिकंदरपुर निवासी 59वर्षीय किसान वीरेंद्र अपनी पत्नी 55 वर्षीय वीरमती और 12 वर्षीय सबसे छोटी बेटी मोनिका के साथ घर पर थे। उनके घर के बिल्कुल पास ही पकरिया का एक पुराना पेड़ था। दोपहर के समय मौसम खराब हो गया और तेज हवा के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान वह पेड़ अचानक वीरेंद्र के मकान की दीवार पर आ गिरा। पेड़ गिरते ही पक्की दीवार मलबे में बदल गई और दीवार के पास मौजूद तीनों लोग मलबे में दब गए। घर के भीतर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। तीनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोथावां ले जाया गया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने 12 वर्षीय मोनिका को मृत घोषित कर दिया। मोनिका चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन की छात्रा थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल पिता वीरेंद्र की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मां वीरमती का उपचार सीएचसी में ही जारी है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम छा गया है और परिजनों का बुरा हाल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)