हरदोई में पति की गोली से घायल पत्नी की मौत:लखनऊ केजीएमयू में 4 दिन चला इलाज, आरोपी पति जेल में, हत्या की धारा बढ़ेगी

Sep 25, 2026 - 11:15
0
हरदोई में पति की गोली से घायल पत्नी की मौत:लखनऊ केजीएमयू में 4 दिन चला इलाज, आरोपी पति जेल में, हत्या की धारा बढ़ेगी
हरदोई के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के कोइलहा गांव में पति गंभीर यादव ने अपनी पत्नी साधना को गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल साधना की लखनऊ केजीएमयू में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना सोमवार 21 सितंबर की सुबह करीब 4:30 बजे हुई थी। साधना को सीने में गोली लगी थी। परिजन राजकुमार, सीमा और रीना उसे हरदोई मेडिकल कॉलेज ले गए थे। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे लखनऊ केजीएमयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया था। शुक्रवार 25 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे साधना ने दम तोड़ दिया। साधना की शादी करीब 15 साल पहले कोइलहा निवासी गंभीर यादव से हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें 14 साल की काजल, 11 साल का रौनक और 4 साल की रूही शामिल हैं। पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। सोमवार तड़के जब घर के लोग सो रहे थे, तभी कमरे से साधना के रोने और चीखने की आवाज आई। परिवार के लोग वहां पहुंचे तो साधना घायल हालत में पड़ी थी। आरोप है कि गोली मारने के बाद गंभीर ने परिजनों को गाली दी और धमकाया। ननद रीना के मुताबिक, आरोपी ने उन्हें सामने से हटने को कहा और विरोध करने पर गोली मारने की धमकी भी दी। इसके बाद गंभीर वहां से फरार हो गया। साधना के ससुर राजकुमार, सास सीमा और ननद रीना उसे लेकर हरदोई मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर शिवम राज ने बताया था कि महिला के सीने में गोली आर-पार हो गई थी। हालत गंभीर होने पर उसे केजीएमयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था। घटना के बाद साधना के पिता जयचंद ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी शिकायत पर गंभीर यादव के खिलाफ जानलेवा हमले और अवैध शस्त्र अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने आरोपी को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया था। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कोतवाल विजय कुमार ने बताया कि महिला की मौत के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी। आरोपी पहले से ही जेल में है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User