हरदोई में समूह सखियों ने 20 हजार मानदेय मांगा:10 लाख बीमा और कैशलेस इलाज की भी मांग, सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन

Oct 05, 2026 - 17:25
0
हरदोई में समूह सखियों ने 20 हजार मानदेय मांगा:10 लाख बीमा और कैशलेस इलाज की भी मांग, सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
हरदोई जनपद के अलग-अलग ब्लॉकों से पहुंचीं सैकड़ों समूह सखियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया और अपनी एकता का कड़ा संदेश दिया। इस दौरान महिलाओं ने जमकर नारेबाजी की, जिससे पूरा कलेक्ट्रेट परिसर गूंज उठा। यह प्रदर्शन सोमवार की दोपहर 1:45 बजे किया गया। प्रदर्शन के बाद महिलाओं ने डीएम को संबोधित छह सूत्रीय ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार को सौंपा। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि ग्राम पंचायतों में स्वयं सहायता समूहों के गठन से लेकर उनके संचालन तक की अहम जिम्मेदारी समूह सखियां निभाती हैं, लेकिन इसके एवज में मिलने वाला मात्र दो हजार रुपये का मानदेय आज के इस महंगाई के दौर में भरण-पोषण, मोबाइल रिचार्ज और आने-जाने के भाड़े के लिए बेहद नाकाफी साबित हो रहा है। समूह सखियों ने अपनी प्रमुख मांगों के तहत मानदेय बढ़ाकर बीस हजार रुपये प्रतिमाह करने और प्रत्येक सखी को दस लाख रुपये का दुर्घटना बीमा तथा पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने की पुरजोर मांग उठाई। इसके अलावा कार्य के लिए इंटरनेट रिचार्ज सहित टैबलेट या मोबाइल उपलब्ध कराने, मानदेय ग्राम संगठन के बजाय सीधे निजी खातों में भेजने, सभी को स्थायी करने के साथ ड्रेस व आईडी प्रूफ देने तथा छह माह का सवैतनिक मातृत्व अवकाश प्रदान किए जाने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। कलेक्ट्रेट पर ज्ञापन सौंपने के बाद सभी महिलाएं कतारों में अंबेडकर पार्क पहुंचीं। जहां उन्होंने अपनी समस्याओं को लेकर एक बैठक की और आगे की रणनीति पर गहन मंथन किया। इस मौके पर अंजलि, गुड्डन, मंजू वर्मा, नेहा सिंह, संगीता, लक्ष्मी, रामरती, रीता, ज्योति, रूबी, अनीता, रेनू अर्चना सुमन, श्वेता, विनीता, कामिनी, रंजन, रेखा, महक, शालिनी, संतोष, राम देवी, सोनी, वंदना, आरती, कल्पना और कोमल सहित तमाम समूह सखियां उपस्थित रहीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User