हरदोई में सपा नेता शराफत अली के खिलाफ प्रदर्शन:क्षत्रिय करणी सेना पुतला फूंकने पहुंची, पुलिस पुतला छीनकर भागी
हरदोई में सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष शराफत अली पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती के खिलाफ जातिसूचक टिप्पणी करने का मामला बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को अटल चौक पर क्षत्रिय करणी सेना ने इसके विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने अचानक शराफत अली का पुतला छीन लिया और वहां से चली गई। इससे कार्यकर्ता बिना पुतला दहन किए ही लौट गए। यह घटना शुक्रवार की दोपहर करीब 1:30 बजे अटल चौक (नुमाइश चौराहे) पर हुई। क्षत्रिय करणी सेना के जिलाध्यक्ष राजा ठाकुर जरौआ के नेतृत्व में कार्यकर्ता पुतला दहन करने वाले थे। उन्होंने गाड़ी से पुतला बाहर निकाला, तभी शहर कोतवाली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पुतला छीन लिया। इस मौके पर क्षत्रिय करणी सेना के जिलाध्यक्ष राजा ठाकुर ने कहा शराफत अली द्वारा जो टिप्पणी की गई है उसकी वह घोर निंदा करते हैं। महिला विरोधी सोच रखने वाले शराफत अली को सपा से निष्कासित भी किया जाना चाहिए। पुलिस के पुतला ले जाने से पहले कार्यकर्ताओं ने उस पर जूते-चप्पलों की बौछार की और सपा के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान रमाकांत मिश्रा, देवेंद्र सिंह, मधुकर सिंह, गोविंद सिंह, अनीत सिंह और देवप्रताप सिंह सहित कई लोग मौजूद थे। शराफत अली पर गुरुवार रात को ही शहर कोतवाली में एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ है। रिपोर्ट भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला संयोजक रवि वाल्मीकि ने दर्ज कराई थी। इसके बाद से इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)