हरदोई में ट्रक की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत:किसान सम्मान निधि की जानकारी लेकर लौट रही थीं घर, परिजनों में मचा कोहराम

Oct 13, 2026 - 18:46
0
हरदोई में ट्रक की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत:किसान सम्मान निधि की जानकारी लेकर लौट रही थीं घर, परिजनों में मचा कोहराम
हरदोई जनपद में बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के सांडी रोड पर मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे किसान सम्मान निधि योजना की जानकारी लेकर लौट रही एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिलग्राम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। मृतका की पहचान बिलग्राम क्षेत्र के अतरक्षा बुजुर्ग गांव निवासी हरिराम की 65 वर्षीय पत्नी हीरावती के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, हीरावती के पति की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। बताया गया कि मंगलवार को वह किसान सम्मान निधि योजना के संबंध में जानकारी लेने के लिए सांडी रोड पर स्थित ग्राम प्रधान के आवास पर गई थीं। दोपहर के समय प्रधान के घर से निकलकर वह अपने गांव वापस जाने के लिए सांडी रोड पर एक एजेंसी के पास पहुंची ही थीं कि तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। आसपास के राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ हीरावती को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। हादसे की सूचना मिलते ही मृतका के घर में कोहराम मच गया। हीरावती अपने पीछे तीन शादीशुदा बेटों—शिवकरन, शिवपाल व रक्षेश और दो शादीशुदा बेटियों—गुड्डी देवी व आशा देवी का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से फरार ट्रक चालक और वाहन की तलाश में जुटी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User