हरदोई में यज्ञोपवीत संस्कार-कार्यक्रम में जा रही युवती से छेड़छाड़:घटना के तीन महीने बाद कोर्ट के आदेश पर दो आरोपियों पर केस
हरदोई के मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में यज्ञोपवीत संस्कार कार्यक्रम में जा रही युवती से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। तीन माह बाद न्यायालय के आदेश पर दो नामजद आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। यह रिपोर्ट शुक्रवार की देर शाम 7:15 पर दर्ज की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी 24 वर्षीय युवती 19 जून की शाम अपनी मां के साथ गांव में ही एक यज्ञोपवीत संस्कार के निमंत्रण भोज में शामिल होने जा रही थी। रास्ते में पंचायत भवन के पास पहुंचते ही आरोपी रमणीक कुमार शुक्ला उर्फ नीटू ने युवती को जबरन पकड़ लिया और गले में हाथ डालकर अश्लील हरकतें करने लगा। आरोप है कि आरोपी ने अभद्र टिप्पणी करते हुए बदनियती से युवती के कपड़े उतारने का प्रयास किया। युवती के शोर मचाने पर आगे चल रही उसकी मां दौड़कर मौके पर पहुंची। मां को आते देख आरोपी रमणीक शुक्ला अपने साथी रामप्रताप के साथ जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकला। पीड़िता का आरोप है कि घटना की सूचना तुरंत मल्लावां कोतवाली में दी गई थी, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद पीड़िता ने एसपी से भी न्याय की गुहार लगाई, लेकिन वहां से भी कोई सुनवाई नहीं हुई।पीड़िता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। घटना के करीब तीन महीने बाद अदालत के निर्देश पर मल्लावां पुलिस ने छेड़छाड़ और आपराधिक धमकी की धारा में दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)