हत्या के मामले में 9 साल से फरार दंपति गिरफ्तार:प्रतापगढ़ में 25-25 हजार के इनामी थे, गैर जामनती जारी था वारंट

Oct 08, 2026 - 14:39
0
हत्या के मामले में 9 साल से फरार दंपति गिरफ्तार:प्रतापगढ़ में 25-25 हजार के इनामी थे, गैर जामनती जारी था वारंट
प्रतापगढ़ के कुंडा थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले में करीब नौ साल से फरार चल रहे 25-25 हजार रुपए के इनामिया दंपति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मुखबिर की सूचना पर शेखपुर आशिक चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट (NBW) भी जारी था। पुलिस ने गुरुवार दोपहर 1:30 बजे मामले का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक मामला कुंडा थाना क्षेत्र के टिकरिया बुजुर्ग गांव का है। करीब नौ वर्ष पूर्व एक व्यक्ति दुकान खोलने के लिए घर से निकला था। आरोप है कि रास्ते में रुकसाना बानो उर्फ मुन्नी, मोहम्मद मुस्लिम और अमन ने उसके साथ मारपीट की थी। मारपीट में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। पुलिस के अनुसार रुकसाना बानो और मोहम्मद मुस्लिम घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे थे। फरारी के दौरान बढ़ा इनाम, कोर्ट से NBW भी जारी पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी न होने पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 82/83 दंड प्रक्रिया संहिता के तहत कार्रवाई की गई थी। फरारी की स्थिति में आरोप पत्र भी न्यायालय भेजा गया था। शुरुआत में दोनों आरोपियों पर एक-एक हजार रुपए का इनाम घोषित था। लंबे समय तक गिरफ्तारी न होने पर पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ ने दोनों पर घोषित इनाम की राशि बढ़ाकर 25-25 हजार रुपए कर दी। इसके बाद पुलिस लगातार दोनों की तलाश कर रही थी। न्यायालय की ओर से दोनों के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किया गया था। शेखपुर आशिक चौराहे के पास दोनों पकड़े गए कुंडा थाना पुलिस ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम), प्रतापगढ़ द्वारा जारी गैर जमानती वारंट के आधार पर कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने शेखपुर आशिक चौराहे के पास घेराबंदी कर रुकसाना बानो और मोहम्मद मुस्लिम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार रुकसाना बानो की उम्र करीब 40 वर्ष और मोहम्मद मुस्लिम की उम्र करीब 46 वर्ष है। दोनों टिकरिया बुजुर्ग, थाना कुंडा, प्रतापगढ़ के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User