हूती विद्रोहियों ने यमन में मिलिट्री कैंप पर हमला किया:बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, 20 सैनिकों की मौत; 24 से ज्यादा घायल

Oct 19, 2026 - 18:40
0
हूती विद्रोहियों ने यमन में मिलिट्री कैंप पर हमला किया:बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, 20 सैनिकों की मौत; 24 से ज्यादा घायल
हूती विद्रोहियों ने यमन के दक्षिणी प्रांत शबवा में सेना के एक मिलिट्री कैंप पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है। सोमवार को हुए इस हमले में 20 सैनिकों की मौत हो गई, जबकि 24 से ज्यादा घायल हुए हैं। यमन के सैन्य अधिकारियों ने न्यूज एजेंसी AP को यह जानकारी दी। सेना के प्रवक्ता कर्नल माजिद अल-नजिली ने बताया कि हूती विद्रोहियों ने पुलिस और सुरक्षा बलों के ट्रेनिंग सेंटर पर तीन बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। यमन की प्रेसिडेंशियल लीडरशिप काउंसिल के प्रमुख राशद अल-अलीमी ने कहा कि हमले में मारे गए सैनिक देश के अलग-अलग हिस्सों से आए थे। उन्होंने हमले का कड़ा जवाब देने की बात कही। रणनीतिक इलाके में बना है कैंप यह कैंप पहले संयुक्त अरब अमीरात के समर्थन वाली एक मिलिशिया के इस्तेमाल में था। यह शबवा की राजधानी अताक के उत्तर में जर्दान जिले में स्थित है। कैंप उस रास्ते पर है, जो सरकार के नियंत्रण वाले मारिब प्रांत और सरकारी बलों की जरूरी सप्लाई लाइनों तक जाता है। एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि हमले में रैपिड इंटरवेंशन नामक नई बनाई गई फोर्स को निशाना बनाया गया। इस फोर्स को इलाके की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। सऊदी अरब के समर्थन से लड़ रही यमन की सरकार यमन में हूती विद्रोहियों और सरकार के बीच लंबे समय से संघर्ष चल रहा है। सऊदी अरब यमन की अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार का समर्थन करता है। सऊदी हूतियों के खिलाफ लड़ रहे सरकारी सेनाओं को हवाई मदद देता है। वहीं, ईरान पर हूती विद्रोहियों को समर्थन देने के आरोप लगते रहे हैं। रिपोर्ट- चीन की मदद से मिसाइल बना रहे हूती विद्रोही यमन के हूती विद्रोही चीन से मंगाए गए पुर्जों की मदद से नई बैलिस्टिक मिसाइल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। ब्रिटेन की संस्था कॉन्फ्लिक्ट आर्मामेंट रिसर्च (CAR) की बुधवार को जारी रिपोर्ट में यह बात कही गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, विद्रोही ईरान में डिजाइन हुई खैबर शिकन मिसाइल जैसी मिसाइल तैयार करना चाहते हैं, जिसकी मारक क्षमता करीब 1500 किलोमीटर है। अगर हूती ऐसा हथियार बनाने में सफल होते हैं, तो वे सऊदी अरब के अलावा इजराइल को भी ज्यादा सटीक तरीके से निशाना बना सकते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User