इमरान मसूद बन सकते हैं यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष:मुस्लिमों को साधने की प्लानिंग; कहा था- मोदी की बोटी-बोटी काट दी जाएगी
यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी है। सूत्रों के मुताबिक, सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को यूपी कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जा सकता है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के साथ तीन कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने पर भी विचार कर रही है। चर्चा में इमरान मसूद के अलावा देवेंद्र निषाद, दानिश अली, सुशील पासी और सांसद तनुज पुनिया के नाम बताए जा रहे हैं। पार्टी में अलग-अलग सामाजिक समूहों को प्रतिनिधित्व देने के लिहाज से यह संगठनात्मक ढांचा तैयार किए जाने की चर्चा है। वहीं, प्रतापगढ़ की रामपुर खास सीट से विधायक और कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा को यूपी कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, इन नियुक्तियों का ऐलान जल्द हो सकता है। हालांकि, कांग्रेस की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इमरान मसूद आक्रामक नेता, बेबाकी से राय रखते हैं इमरान मसूद की सहारनपुर और उसके आस-पास के क्षेत्रों के मुस्लिम और पिछड़े वर्ग के मतदाताओं में मजबूत पकड़ है। वे अपने बेहद तीखे और बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं। 2024 में सपा-कांग्रेस गठबंधन से सांसद बनने के बावजूद वे गठबंधन के अंतर्विरोधों पर खुलकर बोलते हैं। उन्होंने सार्वजनिक रूप से दावा किया कि 2024 में कांग्रेस के साथ के कारण ही समाजवादी पार्टी 37 सीटें जीत पाई। इमरान चाहते हैं कि 2027 के चुनाव के लिए जल्द सपा से गठबंधन होना चाहिए। साल 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए उनके एक विवादित बयान ने देश भर में सुर्खियां बटोरी थीं, जिसके लिए उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। एक चुनावी सभा के दौरान इमरान मसूद ने कहा था- यदि नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश को गुजरात बनाने की कोशिश करेंगे, तो उनकी "बोटी-बोटी" काट दी जाएगी। अजय राय की जगह बदलाव की संभावना यूपी कांग्रेस के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के स्थान पर बदलाव की अटकलें पिछले कुछ समय से चल रही हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अजय राय से मुलाकात भी की थी। हालांकि, नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर अंतिम फैसला और आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। कौन हैं आराधना मिश्रा? आराधना मिश्रा ‘मोना’ रामपुर खास से तीन बार की विधायक और कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता हैं। वह वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी की बेटी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, वह दो दशक से ज्यादा समय से राजनीति में सक्रिय हैं और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ कांग्रेस के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान में भी काम कर चुकी हैं। अगर बदलाव होता है तो विधानसभा चुनाव से पहले यूपी कांग्रेस के संगठन में यह एक अहम फेरबदल होगा। ***************** यह खबर भी पढ़िए:- दिव्या मित्तल के सवालों पर अनुप्रिया पटेल ने चुप्पी साधी:दूसरे मुद्दों पर बोलती रहीं, लखनऊ में कार्यकर्ताओं से कहा- 2027 में NDA हैट्रिक लगाएगा
अपना दल (S) की प्रमुख अनुप्रिया पटेल ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित कैंप कार्यालय में संगठन की समीक्षा बैठक की। 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों, बूथ मैनेजमेंट और संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक के बाद भास्कर रिपोर्टर ने अनुप्रिया पटेल से पूर्व IAS दिव्या मित्तल से मिलने वाली चुनौती को लेकर सवाल किया। 9 बार पूछने पर भी अनुप्रिया ने इस सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया। उन्होंने दूसरे मुद्दों पर बात करना ही बेहतर समझा। दिव्या मित्तल यूपी कैडर की 2013 बैच की पूर्व IAS अधिकारी हैं। उन्होंने 30 अगस्त को नौकरी से इस्तीफा दिया था। 29 सितंबर उन्होंने घोषणा की कि वह उत्तर प्रदेश से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करेंगी। उन्होंने मिर्जापुर से चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं। भास्कर पोल में भी आम जनता की यही राय निकलकर सामने आई थी। पढ़ें पूरी खबर…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)