इमरान मसूद को बधाई देने बुलंदशहर कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे:नवनियुक्त कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष से मिलकर बुके भेंट किया, 2027 में सत्ता वापसी का भरोसा जताया
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद इमरान मसूद को बधाई देने के लिए बुलंदशहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल दिल्ली पहुंचा। पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर राकेश भाटी और उपाध्यक्ष व कोऑर्डिनेटर ज्ञानेंद्र सिंह राघव के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली स्थित कृष्णा अपार्टमेंट आवास पर इमरान मसूद से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें बुके भेंट कर प्रदेश में नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। मुलाकात के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर राकेश भाटी और ज्ञानेंद्र सिंह राघव ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा और इमरान मसूद को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इससे प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आया है। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारियों से उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूती मिलेगी। नेताओं ने विश्वास जताया कि सामाजिक न्याय के संकल्प के साथ कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन के माध्यम से सत्ता में वापसी करेगी। इमरान मसूद बोले- संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें इमरान मसूद ने बधाई देने पहुंचे कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की विभाजनकारी नीतियों के खिलाफ सजग रहते हुए संगठन को धरातल पर मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया। कहा कि भाजपा को सत्ता से बाहर करने और 2029 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना होगा। बूथ स्तर पर जनता से जुड़े मुद्दे उठाने के निर्देश इमरान मसूद ने कांग्रेस नेताओं को बूथ स्तर पर जाकर जनता से संवाद करने और उनके मुद्दों को उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगाए जा रहे ‘वोट चोरी’ के आरोप, जातीय जनगणना, पिछड़ा वर्ग के साथ कथित वादाखिलाफी और राम मंदिर चंदा चोरी जैसे मुद्दों को जनता के बीच उठाने की बात कही। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता निजाम मलिक, जिला उपाध्यक्ष डॉ. इरफान अहमद, सोहेल खान, दीपक कुशवाहा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)