इंडिया गठबंधन में कोई दरार नहीं, साथ हैं अखिलेश-राहुल:सांसद अवधेश प्रसाद बोले- समय आने पर होगी दोनों की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस और पदयात्रा, गठबंधन को कमजोर करने वाला कोई कदम नहीं
अयोध्या में समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने इंडिया गठबंधन में दरार की चर्चाओं को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि गठबंधन पूरी तरह मजबूत है। इसमें कहीं कोई दरार नहीं है। रविवार को अयोध्या के एक निजी होटल में प्रेस वार्ता के दौरान अवधेश प्रसाद ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी जिम्मेदार नेता हैं। दोनों नेताओं की ओर से गठबंधन को कमजोर करने वाला कोई बयान नहीं आया है। न ही ऐसा कोई कदम उठाया जा रहा है। साथ मिलकर होंगे कार्यक्रम अवधेश प्रसाद ने कहा कि गठबंधन के नेताओं के बीच बातचीत जारी है। संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस और संयुक्त पदयात्रा को लेकर भी चर्चा हुई है। समय आने पर दोनों कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के सहयोगी दल महत्वपूर्ण मुद्दों पर साथ हैं। गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं में कोई सच्चाई नहीं है। बैलेट पेपर से चुनाव पर दावा चुनाव को लेकर अवधेश प्रसाद ने कहा कि उन्हें जनता और मतदाताओं पर पूरा भरोसा है। उन्होंने दावा किया कि अगर बैलेट पेपर से चुनाव कराया जाए तो उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर इंडिया गठबंधन जीत दर्ज करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता सरकार के कामकाज और नीतियों से परेशान है। लोगों का भाजपा सरकार से विश्वास उठ गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में जनता इसका जवाब देगी। चुनाव आयोग पर भी उठाए सवाल अवधेश प्रसाद ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बंगाल और बिहार में वोटों को लेकर उठे विवादों का हवाला दिया। आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और सरकार देश को भटकाने और परेशानी में डालने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास बनाए रखना जरूरी है। चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठने वाले सवालों का स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए। अवधेश प्रसाद ने कहा कि इंडिया गठबंधन के नेता आपसी समन्वय के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने गठबंधन में किसी तरह की दरार से इनकार किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)