नेपाल के महल जैसा दिखेगा आगरा का जनक महल:6 हजार बल्ब और 3 हजार आयरन ट्रस से बन रहा; 300 फीट लंबा,150 फीट चौड़ा मंच

Oct 04, 2026 - 14:46
0
नेपाल के महल जैसा दिखेगा आगरा का जनक महल:6 हजार बल्ब और 3 हजार आयरन ट्रस से बन रहा; 300 फीट लंबा,150 फीट चौड़ा मंच
आगरा के जनकपुरी महोत्सव में भगवान श्रीराम और माता जानकी के स्वागत के लिए भावना एस्टेट रोड पर जनक महल आकार लेने लगा है। नेपाल के महल की तर्ज पर बन रहे इस महल में जोधपुर की स्थापत्य कला और आधुनिक रोशनी का संगम दिखाई देगा। महल को अंतिम रूप देने के लिए कोलकाता से लाइटें मंगाई गई हैं और वहीं के कारीगर सजावट और लाइटिंग का काम कर रहे हैं। महोत्सव क्षेत्र में 25 से 30 प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं। दो स्थानों पर झूले लगाए जाएंगे, जबकि 6 जगह मुख्य झांकियां सजाई जाएंगी। इस बार आतिशबाजी भी महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में रहेगी। बिना पिलर के बनेगा 300 फीट लंबा मुख्य मंच जनक महल का मुख्य मंच करीब 300 फीट लंबा, 150 फीट चौड़ा और 60 फीट ऊंचा होगा। इसे कैंटिलीवर तकनीक से बनाया जा रहा है। इसमें सामने की ओर पिलर नहीं होंगे, जिससे श्रद्धालुओं को दूर से भी भगवान के दर्शन करने में परेशानी न हो। मंच पर विशेष फोकस लाइट लगाई जाएगी। निर्माण में करीब 6 हजार बल्ब और 3 हजार आयरन ट्रस का इस्तेमाल किया जा रहा है। लकड़ी, कपड़े और रोड आयरन से महल की संरचना तैयार की जा रही है। आयोजन समिति के अनुसार निर्माण में प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। झरोखों में दिखेगी जोधपुर की स्थापत्य कला जनक महल के झरोखों और बालकनी में जोधपुर की स्थापत्य शैली की झलक दिखाई देगी। कोलकाता और बंगाल से आए करीब 62 कारीगर नक्काशी, सजावट और लाइटिंग का काम कर रहे हैं। रात में विशेष रोशनी से पूरा महल और आसपास का परिसर जगमगाएगा। इसके साथ ही महल के आसपास आतिशबाजी की भी विशेष तैयारी की जा रही है। जनक महल परिसर में तीन मंच तैयार किए जा रहे हैं। मुख्य मंच पर भगवान श्रीराम, माता जानकी और चारों भाइयों के स्वरूप विराजमान होंगे। इनके साथ राजा दशरथ, राजा जनक, उनकी रानियों और ऋषि-मुनियों के स्वरूप भी रहेंगे। दूसरे मंच पर सम्मान समारोह और तीसरे मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। नील फ्लोरेंस के पास प्रतिदिन होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भी अलग मंच तैयार किया जा रहा है। 2 हजार श्रद्धालु बैठेंगे, 600 के लिए VIP गैलरी जनक महल परिसर में करीब 2 हजार श्रद्धालुओं के बैठने और दर्शन की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा 600 लोगों के लिए अलग VIP गैलरी बनाई जाएगी, जहां सोफे पर बैठने की सुविधा होगी। प्रशासनिक अधिकारियों, मजिस्ट्रेट, मंत्री, मीडिया, श्रीरामलीला कमेटी और जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के लिए सात अलग-अलग ब्लॉक बनाए जा रहे हैं। परिसर और आसपास 40 से अधिक LED स्क्रीन लगाई जाएंगी। इन पर मंचीय कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण होगा। 2 जगह झूले, 6 स्थानों पर सजेंगी झांकियां महोत्सव क्षेत्र में दो स्थानों पर झूले लगाए जाएंगे। छह स्थानों पर झांकियां सजाई जाएंगी। इनमें भगवान श्रीराम की बहन शांता की झांकी भी शामिल होगी। बारिश में जलभराव और कीचड़ से बचने के लिए पूरे जनक महल परिसर को प्लाई के प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जा रहा है। यह जमीन से करीब एक फीट ऊंचा रहेगा। महल की ओर आने वाले रास्तों पर भी निर्माण और मरम्मत का काम चल रहा है। कुछ रास्तों का काम पूरा हो चुका है, जबकि बाकी मार्गों पर निर्माण पूरा होने के बाद सजावट की जाएगी। भावना एस्टेट रोड पर यथार्थ हॉस्पिटल से राम रघु आनंद तक के क्षेत्र को नो-हॉर्न जोन घोषित किया गया है। यहां प्रचार-प्रसार वाले होर्डिंग भी नहीं लगाए जाएंगे। 6 अक्टूबर को निकलेगा माता सीता का डोला जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव के अनुसार, महल और आसपास के क्षेत्र को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि श्रद्धालुओं को रास्ते से ही उत्सव का माहौल महसूस होने लगे। 6 अक्टूबर को माता सीता का डोला नगर भ्रमण करेगा। इसके बाद 7, 8 और 9 अक्टूबर को जनक महल में श्रद्धालुओं को भगवान के दिव्य स्वरूपों के दर्शन होंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User