इंस्पेक्टर को 24 घंटे में सस्पेंड कराने की धमकी:धार्मिक टिप्पणी पर कार्रवाई न होने का आरोप, युवक ने पुलिस को घेरा

Oct 16, 2026 - 12:50
0
इंस्पेक्टर को 24 घंटे में सस्पेंड कराने की धमकी:धार्मिक टिप्पणी पर कार्रवाई न होने का आरोप, युवक ने पुलिस को घेरा
कानपुर के रेलबाजार थाना क्षेत्र में धार्मिक टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस की कार्यशैली पर सवालों तक पहुंच गया है। कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए एक सोशल मीडिया यूजर ने थाना प्रभारी को फोन किया। बातचीत के दौरान युवक ने इंस्पेक्टर को 24 घंटे में सस्पेंड कराने और वर्दी उतरवाने की धमकी दी। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे इस बातचीत का कथित ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। थाना प्रभारी के मुताबिक, धार्मिक टिप्पणी के मामले में इंस्टाग्राम यूजर सासन मिर्जा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से मामले की जांच और कॉल करने वाले युवक के बारे में जानकारी जुटा रही है। आरोपी पर कार्रवाई न करने का लगाया आरोप वायरल ऑडियो में कॉलर खुद को अभिषेक सिंह बताता है और दिल्ली में रहने की बात कहता है। बातचीत के दौरान वह थाना प्रभारी से धार्मिक टिप्पणी के आरोपी पर कार्रवाई न करने को लेकर सवाल करता है। उसका आरोप है कि पुलिस सुबह से आरोपी को बचाने की कोशिश कर रही है। कॉलर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए एफआईआर दर्ज करने की बात कहता है। वह यह भी दावा करता है कि इंस्पेक्टर को मामले में स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए थी। स्वतः संज्ञान के सवाल पर बढ़ा विवाद ऑडियो के मुताबिक, इंस्पेक्टर जब कॉलर से स्वतः संज्ञान का मतलब पूछते हैं, तो वह नाराज हो जाता है। नाम और पता पूछे जाने पर भी बातचीत शांत नहीं होती। कॉलर लगातार पुलिस पर आरोपी को बचाने का आरोप लगाता है और मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाने की बात कहता है। इंस्पेक्टर बोले- सबूत लाइए बातचीत के दौरान कॉलर की आवाज आक्रामक होती सुनाई देती है। वह इंस्पेक्टर को 24 घंटे के भीतर सस्पेंड कराने की धमकी देता है और आरोप लगाता है कि ऐसे लोगों से पुलिस की छवि खराब हो रही है। दूसरी ओर, इंस्पेक्टर उसे चिल्लाने से रोकते हुए सबूत पेश करने को कहते हैं। कॉल के आखिर में युवक फिर सवाल करता है कि एफआईआर क्यों दर्ज नहीं की गई। इंस्टाग्राम यूजर के खिलाफ केस दर्ज थाना प्रभारी अमान सिंह के मुताबिक, धार्मिक टिप्पणी के मामले में इंस्टाग्राम यूजर सासन मिर्जा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। साइबर सेल की मदद से मामले की जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि फोन करने वाले युवक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User