इटावा में 16 नवंबर से स्वगणना, डीएम ने मांगा सहयोग:30 नवंबर तक स्वयं परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे, बताई प्रक्रिया
इटावा में DM शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने मंगलवार को जिले के लोगों से जनगणना-2027 में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं है, बल्कि इससे मिलने वाले आंकड़े देश और प्रदेश की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों और सार्वजनिक सुविधाओं की योजना बनाने का महत्वपूर्ण आधार बनते हैं। इसलिए जरूरी है कि जनपद का कोई भी परिवार या निवासी जनगणना से छूटने न पाए। डीएम ने बताया कि उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत मई-जून 2026 में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य पूरा किया गया है। इस दौरान सहयोग करने वाले सभी लोगों का उन्होंने आभार व्यक्त किया। अब जनगणना के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियां की जा रही हैं। इसके तहत 16 से 30 नवंबर 2026 के बीच स्वगणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की कि वे स्वगणना की सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें और अपने परिवार के सदस्यों के साथ आसपास रहने वाले लोगों को भी इसके बारे में जानकारी दें। इससे ज्यादा से ज्यादा परिवार स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि स्वगणना पूरी करने के बाद प्राप्त पहचान संख्या एसईआईडी को सुरक्षित रखना जरूरी है। जब प्रगणक घर पहुंचे तो उन्हें यह पहचान संख्या उपलब्ध कराएं, ताकि दर्ज की गई जानकारी का आवश्यक सत्यापन किया जा सके। डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बताया कि एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान सभी लोग प्रगणकों को सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं तथा उनके कार्य में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनगणना की सफलता के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि जनगणना का संदेश किरायेदारों, प्रवासी श्रमिकों, दूरस्थ बस्तियों में रहने वाले लोगों, वरिष्ठ नागरिकों और अकेले रहने वाले व्यक्तियों तक पहुंचना चाहिए। सभी नागरिक यह सुनिश्चित करने में सहयोग करें कि कोई भी परिवार या निवासी जनगणना में शामिल होने से वंचित न रह जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)