इटावा में 31-साल बाद व्यापार मंडल की प्रदेश कार्यसमिति बैठक:5 अक्टूबर से UPI पर प्रस्तावित 0.4% शुल्क का विरोध
इटावा में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुधवार को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक हुई। जिले में 31 साल बाद हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद स्वरूप मिश्रा की मौजूदगी में व्यापारियों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की गई और सर्वसम्मति से कई निर्णय लिए गए। बैठक में प्रदेश के सभी 75 जिलों से व्यापार मंडल के पदाधिकारी शामिल हुए। इससे पहले इटावा में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक वर्ष 1995 में हुई थी। 15 अक्टूबर से UPI शुल्क के विरोध का फैसला बैठक में 15 अक्टूबर से UPI पर प्रस्तावित 0.4 फीसदी MDR शुल्क का विरोध करने का निर्णय लिया गया। प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद स्वरूप मिश्रा ने कहा कि व्यापारी पहले से GST, मंडी समिति, ई-कॉमर्स, मेडिकल स्टोर और आढ़त से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। ऐसे में UPI पर अतिरिक्त शुल्क लगाने से कम मार्जिन पर कारोबार करने वाले छोटे और खुदरा व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। 10 अक्टूबर को जिलों में धरना राष्ट्रीय व्यापारी संगठन भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के निर्देश पर 10 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिलों में धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद 15 अक्टूबर को काला दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान व्यापारी काले झंडे लेकर बाजारों में प्रस्तावित शुल्क का विरोध करेंगे। ई-कॉमर्स कंपनियों को रेग्यूलेटरी एक्ट में लाने की मांग मुकुंद मिश्रा ने कहा कि व्यापार मंडल डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के पक्ष में है, लेकिन छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक भार उचित नहीं है। उन्होंने ऑनलाइन ई-कॉमर्स कंपनियों को रेग्यूलेटरी एक्ट के दायरे में लाने की मांग की। उन्होंने बताया कि शुल्क के विरोध में प्रदेश के दो दर्जन से अधिक सांसदों को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन भेजे जा चुके हैं कैशलेस इलाज और व्यापारियों के लिए सीट की मांग बैठक में रजिस्टर्ड व्यापारियों को कैशलेस इलाज की सुविधा देने और दैवीय आपदा से प्रभावित व्यापारियों को राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग उठी। राज्यसभा और विधान परिषद में शिक्षक व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की तर्ज पर व्यापारियों के लिए सीट आरक्षित करने, TDS की जटिलता खत्म करने और मंडी सचिवों की मनमानी पर नियंत्रण के लिए व्यापारी समिति गठित करने की मांग भी रखी गई। सरकार और व्यापारियों के बीच नियमित संवाद की व्यवस्था बनाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में पूर्व सांसद भैरव प्रसाद मिश्र, पूर्व विधायक रविंद्र प्रताप मल और अशोक कंसल समेत विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों ने विचार रखे। संचालन प्रदेश महामंत्री दिलीप सेठ ने किया। समापन इटावा जिलाध्यक्ष कृष्णमुरारी गुप्ता ने किया। स्थानीय आयोजन में जिला महामंत्री सदाशिव श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष विनीत मित्तल, युवा जिलाध्यक्ष गोविंद दुबे समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)