इटावा में डंपर की टक्कर से नर्सिंग छात्र की मौत:ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान एक ने तोड़ा दम, दो साथी गंभीर घायल
इटावा के सैफई में सोमवार देर रात 12 बजे तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार बीएससी नर्सिंग के तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के इमरजेंसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 21 वर्षीय आकाश गुप्ता की मौत हो गई। हादसे में उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों का उपचार चल रहा है। हादसा सैफई थाना तिराहे के पास हुआ। तीनों छात्र उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई के पैरामेडिकल विज्ञान महाविद्यालय में बीएससी नर्सिंग के वर्ष 2022 बैच में पढ़ते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों छात्र बाइक से इटावा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मैनपुरी की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार डंपर MH 43 CK 7623 ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल विश्वविद्यालय के इमरजेंसी ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने आकाश गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। मृतक आकाश गुप्ता बलिया जिले के रसड़ा क्षेत्र का निवासी था। हादसे में घायल अंबुज शुक्ला औरैया जिले का रहने वाला है, जबकि जय किशन गोंडा जिले का निवासी है। दोनों घायल छात्रों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. अजय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर डॉ. एसपी सिंह और डॉ. विजय मिश्रा ट्रामा सेंटर पहुंचे। अधिकारियों ने घायल छात्रों का हालचाल लिया और उनके उपचार की जानकारी प्राप्त की। फिलहाल पुलिस हादसे के संबंध में आगे की कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)