इटावा में शिवपाल बोले- सरकार बजट लूट रही:इसे हटाकर सपा की सरकार लानी है, 2027 चुनाव से पहले SIR में बढ़वाएं
इटावा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव रविवार दोपहर करीब 12 बजे जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के बरी के नगरा पहुंचे। यहां उन्होंने सफल किसान बाजार का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की। शिवपाल सिंह यादव ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार पूरा बजट लूट रही है। ऐसी सरकार को हटाकर समाजवादी पार्टी की सरकार लानी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 साल में कोई काम नहीं हुआ। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और उन्हें बड़े अंतर से जिताने की अपील की। SIR में नाम जुड़वाने के लिए जुटें कार्यकर्ता शिवपाल सिंह यादव ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कार्यकर्ताओं को तेजी से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए फॉर्म भरवाने में पूरी ताकत से जुटें। जिन मतदाताओं के नाम फॉर्म-7 के जरिए काटे गए हैं, उन्हें दोबारा जुड़वाने की पहल करें। उन्होंने कहा कि SIR की प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक महीने का समय मिला है। कार्यकर्ताओं को इसका पूरा फायदा उठाना चाहिए। उन्होंने मतदाता सूची में अधिक से अधिक नाम जुड़वाने और चुनाव में समाजवादी पार्टी के पक्ष में रिकॉर्ड मतदान कराने की अपील की। किसानों की समस्याओं पर सरकार को घेरा शिवपाल सिंह यादव ने मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की सरकारों को किसान हितैषी बताया। उन्होंने कहा कि करीब 70 फीसदी मतदाता किसान हैं, फिर भी किसानों को बिजली और पानी की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नहरों में पानी नहीं आ रहा है और गांवों में बिजली की समस्या बनी हुई है। इससे किसानों के सामने लगातार संकट खड़ा हो रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)