प्रयागराज के आर्य कन्या कॉलेज में एनएसएस का स्थापना दिवस:मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग-ध्यान कार्यक्रम, शोध छात्र सम्मानित

Sep 24, 2026 - 20:27
0
प्रयागराज के आर्य कन्या कॉलेज में एनएसएस का स्थापना दिवस:मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग-ध्यान कार्यक्रम, शोध छात्र सम्मानित
प्रयागराज के आर्य कन्या डिग्री कॉलेज में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का 57वां स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत यज्ञ और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। इसके बाद स्वयंसेविकाओं के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए हार्टफुलनेस संस्था ने योग और ध्यान कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शासी निकाय के अध्यक्ष पंकज जायसवाल ने की। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही जरूरी है। मन को शांत रखने, एकाग्रता बढ़ाने और सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए नियमित ध्यान को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाना चाहिए। स्वस्थ दिमाग से व्यक्ति के पूरे विकास को बढ़ावा मिलता है। हार्टफुलनेस संस्था की राधा सक्सेना ने स्वयंसेविकाओं से बातचीत की। उन्होंने अलग-अलग अभ्यासों से उन्हें आत्मविश्वास और सकारात्मक चेतना के बारे में जानकारी दी। छात्राओं ने योग और ध्यान के अभ्यास में हिस्सा लिया। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. अर्चना पाठक ने कहा कि छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ मानसिक रूप से स्वस्थ रहने और तनाव कम करने के लिए नियमित योग-ध्यान अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के सभी शोध छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समाजशास्त्र विषय में पूरे देश में सबसे ज्यादा नंबर लाकर नेट क्वालीफाई करने वाली छात्रा सौम्या त्रिपाठी को खास तौर पर सम्मानित किया गया। इसी मौके पर संस्कृत विभाग की ओर से चले 15 दिवसीय यज्ञ कर्म प्रशिक्षण शिविर का भी समापन हुआ। शिविर में करीब 20 छात्राओं ने यज्ञ कर्म से जुड़े अलग-अलग विधि-विधानों का प्रशिक्षण लिया। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस प्रभारी और महाविद्यालय में हार्टफुलनेस संस्था की समन्वयक डॉ. रंजना त्रिपाठी ने किया। इस दौरान सलाहकार डॉ. ममता गुप्ता, उप प्राचार्या प्रो. ईभा सिरोठिया, डीन प्रो. अंजू श्रीवास्तव समेत एनएसएस की कार्यक्रम अधिकारी, पूर्व कार्यक्रम अधिकारी, शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User