जालौन के नए डीएम समीर ने बताई प्राथमिकताएं:बोले- जनसमस्याओं का पारदर्शी निस्तारण और जिले का विकास पहली प्राथमिकता

Sep 15, 2026 - 16:07
0
जालौन के नए डीएम समीर ने बताई प्राथमिकताएं:बोले- जनसमस्याओं का पारदर्शी निस्तारण और जिले का विकास पहली प्राथमिकता
जालौन में नवागंतुक जिलाधिकारी समीर ने मंगलवार को पत्रकारों के साथ वार्ता कर जिले की प्राथमिकताओं और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले का विकास, आम जनता की समस्याओं का समाधान और शासन की योजनाओं का पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जनशिकायतों का निस्तारण केवल आंकड़े बेहतर करने के लिए नहीं, बल्कि नियमानुसार और वास्तविक समाधान के साथ किया जाए। चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू डीएम ने कहा कि आने वाले समय में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण के साथ अन्य चुनावी तैयारियों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने जिले के कम महिला मतदाता अनुपात का जिक्र करते हुए बताया कि जालौन का जेंडर रेशियो करीब 815 है। ऐसे क्षेत्रों और मतदान केंद्रों को चिन्हित किया जाएगा, जहां महिला मतदाताओं की भागीदारी कम है। प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक महिलाओं की मतदाता सूची में भागीदारी सुनिश्चित की जाए। शिकायतों का होगा निष्पक्ष निस्तारण जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का निस्तारण पूरी तरह पारदर्शी और विधिसम्मत तरीके से किया जाएगा। शिकायत में सामने आए तथ्यों के आधार पर दोनों पक्षों को समझने के बाद नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को अक्सर मामले का एक ही पक्ष पता होता है, जबकि जांच में परिस्थितियां अलग भी सामने आ सकती हैं। इसलिए हर शिकायत का निष्पक्ष परीक्षण कर वास्तविक समाधान कराया जाएगा। सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न माध्यमों से मिलने वाली शिकायतों की प्रभावी निगरानी की जाएगी। डीएम ने स्पष्ट कहा कि जिले की रैंकिंग बेहतर दिखाने के लिए फर्जी निस्तारण स्वीकार नहीं किया जाएगा। बारिश से हुए नुकसान का मिलेगा मुआवजा डीएम समीर ने कहा कि बरसात के दौरान जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं या पशुहानि हुई है, उन्हें दैवी आपदा के निर्धारित मानकों के अनुसार सहायता दी जाएगी। संबंधित अधिकारियों को नुकसान का आकलन कर पात्र लोगों तक राहत पहुंचाने के निर्देश दिए जाएंगे। खराब सड़कों और खाद की समस्या पर फोकस जिले की खराब सड़कों को लेकर डीएम ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर सड़कों की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर से वार्ता कर राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। रबी फसलों की बुवाई को देखते हुए किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। डीएम ने कहा कि किसानों की आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त खाद उपलब्ध कराई जाएगी और किसी को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी। खाद की बिक्री निर्धारित मानकों के अनुसार हो, इसकी भी निगरानी की जाएगी। उन्होंने नकली खाद की बिक्री पर सख्ती के निर्देश दिए। कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। नकली खाद बनाने या बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लखनऊ स्तर के अधिकारियों से समन्वय कर जिले में पर्याप्त खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User