उन्नाव में बंद घर से चोरी, परिवार बनारस गया था:चोर शादी के लिए रखे रुपये ले गए, पहले भी 12 लाख के जेवर चोरी हुए थे
उन्नाव के ललऊ खेड़ा डीह में एक बंद मकान में चोरों ने दूसरी बार चोरी की है। 10 और 11 सितंबर की रात चोर घर में घुसकर करीब 30 हजार रुपये नकद ले गए। यह रकम परिवार में होने वाली शादी के खर्च के लिए रखी गई थी। पीड़ित परिवार ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। ललऊ खेड़ा डीह निवासी शशांक मिश्रा ने एसपी को बताया कि वह नौकरी के कारण वाराणसी में रहते हैं। उनके माता-पिता पहले घर में रहते थे। पहली चोरी के बाद पिता की मानसिक हालत बिगड़ गई, जिसके बाद शशांक उन्हें वाराणसी ले गए। मां भी चोरी के बाद तनाव में थीं और एक हादसे में उनका कंधा टूट गया। वह अब अपने ननिहाल में रहकर इलाज करा रही हैं, इसलिए घर बंद रहता है। शशांक को पड़ोसी से घर में दोबारा चोरी होने की जानकारी मिली। वह 13 सितंबर को वाराणसी से उन्नाव पहुंचे। घर की जांच करने पर उन्हें 30 हजार रुपये नकद गायब मिले। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी और ललऊ खेड़ा चौकी इंचार्ज को भी घटना के बारे में बताया। पीड़ित ने बताया कि इससे पहले तीन जून को भी उनके घर में बड़ी चोरी हुई थी। तब चोर करीब चार हजार रुपये नकद और 12 लाख रुपये से ज्यादा के सोने-चांदी के जेवर ले गए थे। परिवार का आरोप है कि इतनी बड़ी चोरी के बावजूद अभी तक जेवर बरामद नहीं हुए और कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। शशांक ने एसपी से 10 और 11 सितंबर की चोरी की एफआईआर दर्ज करने, जांच करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने तीन जून की चोरी का खुलासा कर सामान बरामद कराने और परिवार की सुरक्षा पक्की करने की भी गुहार लगाई है। इंस्पेक्टर कोतवाली सीके मिश्रा ने बताया कि पप्रकरण संज्ञान में है जांच होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)