जालौन में डीएम-एसपी ने धनु तालाब मैदान का निरीक्षण किया:दशहरा-विसर्जन की तैयारियों का जायजा लिया, अधिकारियों को निर्देश दिए
जालौन में दशहरा पर्व और दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार शाम करीब 6:30 बजे जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने कोंच स्थित धनु तालाब मैदान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु आवागमन को प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी मोनिका उमराव को निर्देश दिए कि मैदान और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों पर सड़क के गड्ढों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, साथ ही रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था कराई जाए, मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग कराई जाए, ताकि भीड़ के बीच किसी तरह की दुर्घटना न हो। मूर्ति विसर्जन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने पर जोर देते हुए उन्होंने तालाब में गोताखोरों के SDRF की टीम तैनात करने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि दशहरा और मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है। ऐसे में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है। विसर्जन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से विशेष निगरानी रखी जाएगी, जबकि जरूरत के अनुसार ड्रोन कैमरों से भी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी भी स्थिति की जानकारी तत्काल मिल सके और समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें। वहीं, पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि दशहरा पर्व और प्रतिमा विसर्जन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
इसके साथ ही पीएसी की तैनाती की जाएगी और विसर्जन के दौरान निगरानी एवं सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ की टीम भी लगाई गई है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहकर ड्यूटी करने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।
प्रशासन का लक्ष्य है कि दशहरा और मूर्ति विसर्जन का आयोजन जिले में शांति, सौहार्द और श्रद्धा के वातावरण में संपन्न हो। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी अभिनव यादव, सीओ परमेश्वर प्रसाद, अधिशासी अधिकारी मोनिका उमराव, अपर सूचना अधिकारी पंकज तिवारी, कोंच कोतवाली प्रभारी निरीक्षक निगवेंद्र प्रताप और नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)