जालौन में तमंचे के बल पर दंपती से लूट:5 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, 500 से ज्यादा कैमरे खंगाले

Oct 06, 2026 - 10:17
0
जालौन में तमंचे के बल पर दंपती से लूट:5 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, 500 से ज्यादा कैमरे खंगाले
जालौन के कैलिया थाना क्षेत्र की पहाड़गांव पुलिस चौकी से महज 200 मीटर की दूरी पर पांच दिन पहले तमंचे के बल पर दंपती से हुई लूट की वारदात का पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर सकी है। घटना के बाद से पुलिस लगातार लुटेरों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस की मदद ले रही है। पुलिस टीम अब तक पहाड़गांव से लेकर कोंच रेलवे स्टेशन, मुख्य बाजार और मारकंडेश्वर तिराहा समेत विभिन्न स्थानों पर लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल चुकी है। कुछ स्थानों पर संदिग्ध बदमाश कैमरे में दिखाई भी दिए, लेकिन इसके बाद उनकी लोकेशन नहीं मिल सकी। बताते चलें कि एक अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे कैलिया थाना क्षेत्र के पहाड़गांव निवासी दीपक सिरौठिया अपनी पत्नी सरिता के साथ जालौन के बरैया इटइया गांव में रिश्तेदारी में आयोजित त्रयोदशी भोज में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। नरी-पहाड़गांव मार्ग पर नहर के आगे पहाड़गांव चौकी से करीब 200 मीटर पहले पीछे से एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया था। दो बदमाशों ने दंपती पर तमंचे तानकर जान से मारने की धमकी दी और उनके पास रखे करीब 12 से 13 हजार रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, बीजासेन, पर्स समेत अन्य सामान लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश बाइक से तेज रफ्तार में फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित दंपती ने डायल 112 के साथ पहाड़गांव चौकी और कैलिया थाना पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सीओ कोंच परमेश्वर प्रसाद और कैलिया थानाध्यक्ष अवनीश कुमार पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दंपती से घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू की। पांच दिन की जांच में पुलिस ने कई स्थानों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली है, लेकिन अभी तक ऐसा ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है, जिससे बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी हो सके। पुलिस सर्विलांस के जरिए भी संदिग्ध मोबाइल नंबरों और गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User