जौनपुर में सपाइयों ने ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला:पुलिस से नोकझोंक, भाजपा - सपा हुई आमने सामने , योगी-अखिलेश के लगे नारे
जौनपुर के कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष राकेश मौर्या के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में सपाई दीवानी चौराहे से करीब एक किलोमीटर पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ और ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाए। सपाइयों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह को सौंपा। जिलाध्यक्ष राकेश मौर्या ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को कथित असंवैधानिक कार्यों के लिए पद से हटाया जाए। साथ ही एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को रद्द करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से बाहर न हो। सभी राजनीतिक दलों को समान अवसर मिलना चाहिए और मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए। हटाए गए पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा जोड़े जाएं। उन्होंने भविष्य में देश में निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सभी चुनाव बैलेट पेपर से कराने की भी मांग की। कलेक्ट्रेट में धरने के दौरान कुछ सपा कार्यकर्ता उग्र हो गए और उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। पुतला छोड़ने को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। ज्ञानेश कुमार का रूप बनाकर पहुंचे कार्यकर्ता ने मांगी माफी धरना प्रदर्शन के दौरान सपा का एक कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का रूप धारण कर शूट पहनकर मौके पर पहुंचा। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने उसे कान पकड़कर उठक-बैठक कराई। इस दौरान उसने कहा कि ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी और उसने माफी मांगी। पुलिस ने बुलाया पीएसी और ब्लैक कमांडो धरना स्थल पर प्रदर्शनकारियों के उग्र होने की स्थिति को देखते हुए सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने पुलिस लाइन से पीएसी और जिले की ब्लैक कमांडो टीम को बुलाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और धरना स्थल पर फ्लैग मार्च किया। सपा-भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने, पुलिस ने बदला रूट भाजपा की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत पैदल मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचना था। इस दौरान लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के बारे में जानकारी देने का कार्यक्रम था। भाजपा कार्यकर्ता जैसे ही कलेक्ट्रेट गेट के पास पहुंचे, वहां पहले से मौजूद सपा कार्यकर्ता ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर उनके खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। भाजपा कार्यकर्ताओं को देखकर सपाइयों ने ‘अखिलेश यादव जिंदाबाद’ और ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाए। इसके जवाब में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘योगी-मोदी जिंदाबाद’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। दोनों पक्षों की नारेबाजी तेज होने पर पुलिस ने कलेक्ट्रेट गेट बंद कर दिया। भीड़ और विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने भाजपा की रैली को दूसरे रास्ते से निकाल दिया। विधायक रागिनी सोनकर ने की इस्तीफे की मांग मछलीशहर की सपा विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने कहा कि पूरे देश में प्रदर्शन चल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्ष की ओर से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने संविधान को ताक पर रखकर देश की जनता के अधिकारों का हरण करने का काम किया है। उन्होंने मतदाताओं के नाम काटे जाने का आरोप लगाते हुए ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई, इस्तीफे और एफआईआर दर्ज कर जेल भेजने की मांग की। विधायक लकी यादव बोले- भाजपा के लिए काम करने का आरोप मल्हनी से सपा विधायक लकी यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में चुनाव हुए, वहां ज्ञानेश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी के लिए काम किया और भाजपा को चुनाव जिताने का आरोप लगाया। उन्होंने पश्चिम बंगाल और बिहार के चुनावों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां ‘वोट चोरी’ की गई और अब उत्तर प्रदेश में भी ऐसा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता ऐसा नहीं होने देंगे और जब तक ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)