जच्चा-बच्चा की मौत के मामले में हॉस्पिटल संचालक पर केस:मैनपुरी में महिला की मौत के बाद कार्रवाई, स्वास्थ्य विभाग ने हॉस्पिटल किया सील
मैनपुरी में कुरावली थाना के घिरोर रोड स्थित मां अंजनी हॉस्पिटल में डिलीवरी के दौरान महिला और नवजात बच्ची की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला के चचिया ससुर राजू पुत्र विजेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अस्पताल संचालक डॉक्टर सुमन यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से अस्पताल संचालक मौके पर नहीं मिला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घटना 30 सितंबर की है। औंछा थाना क्षेत्र के कनिकपुर महलोई निवासी सचिन अपनी 24 वर्षीय गर्भवती पत्नी ललिता को प्रसव पीड़ा होने पर घिरोर रोड स्थित मां अंजनी हॉस्पिटल लेकर पहुंचा था। परिजनों के मुताबिक, ललिता को बुधवार शाम करीब चार बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां मौजूद डॉक्टर सुमन यादव ने जच्चा और बच्चा दोनों की सुरक्षित डिलीवरी कराने की बात कही थी। बच्ची को जन्म देने के बाद बिगड़ी ललिता की हालत परिजनों के अनुसार, देर रात ललिता की सामान्य डिलीवरी हुई और उसने बच्ची को जन्म दिया। जन्म के तुरंत बाद नवजात की मौत हो गई। इसके बाद ललिता की हालत भी बिगड़ गई। रात करीब 11 बजे उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया था। चचिया ससुर की तहरीर पर संचालक के खिलाफ मुकदमा महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल संचालक और स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। अब ललिता के चचिया ससुर राजू पुत्र विजेंद्र सिंह की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने अस्पताल संचालक डॉक्टर सुमन यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तहरीर में लगाए गए आरोपों की जांच के साथ अस्पताल में मौजूद स्टाफ और उपचार के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया की भी जानकारी जुटाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल सील किया, संचालक की तलाश जारी मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मां अंजनी हॉस्पिटल को सील कर दिया है। कार्रवाई के बाद अस्पताल में उपचार संबंधी गतिविधियां बंद हो गई हैं। स्वास्थ्य विभाग अस्पताल के संचालन और वहां उपलब्ध चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर भी जांच कर रहा है। केस दर्ज होने के बाद अस्पताल संचालक मौके पर नहीं मिला। पुलिस के अनुसार, संचालक फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। कुरावली इंस्पेक्टर ललित भाटी ने बताया कि मामले में अस्पताल संचालक सुमंत यादव के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। ललिता की शादी करीब एक साल पहले हुई थी और यह उसका पहला बच्चा था। परिजनों ने मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)