जेएनयू यौन-उत्पीड़न पर भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस दफ्तर घेरा:सीतापुर में कांग्रेस सांसद बिमोल के खिलाफ नारेबाजी, पुलिस ने रोका

Oct 12, 2026 - 16:24
0
जेएनयू यौन-उत्पीड़न पर भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस दफ्तर घेरा:सीतापुर में कांग्रेस सांसद बिमोल के खिलाफ नारेबाजी, पुलिस ने रोका
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न मामले को लेकर सीतापुर में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं और कांग्रेस के सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने मामले को लेकर कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए। इस दौरान पुलिस ने महिलाओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर ने कहा कि जेएनयू में 11 महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आने के बाद महिलाओं में आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि मणिपुर से कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल को पार्टी का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की बात करने वाली कांग्रेस ऐसे मामलों में किस तरह अपनी जिम्मेदारी निभा रही है। श्रद्धा सागर ने कहा कि महिलाओं की अपेक्षा है कि उन्हें समाज में सम्मान मिले और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की महिला सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़ी नीतियों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस महिलाओं और बेटियों के हितों की बात करती है, लेकिन उसे अपने नेताओं के आचरण पर भी जवाब देना चाहिए। उन्होंने जंतर-मंतर पर महिला पुलिसकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस को घेरा। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने मामले को लेकर नाराजगी जताई और कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाए। जिला कांग्रेस कार्यालय के पास पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को आगे जाने से रोककर स्थिति को नियंत्रित किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User