कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन:BJP कार्यकर्ताओं ने DM ऑफिस तक पैदल मार्च निकालकर दर्ज कराया विरोध
कांग्रेस लोकसभा सांसद प्रो. अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ भाजपा महानगर ने सोमवार को नारी शक्ति हुंकार आंदोलन के तहत जोरदार प्रदर्शन किया। कमिश्नर कार्यालय के सामने महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च कर डीएम कार्यालय तक विरोध दर्ज कराया और सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
भारतीय जनता पार्टी महानगर मुरादाबाद ने 12 अक्टूबर को कांग्रेस सांसद प्रो. अंगोमचा बिमोल अकोइजम के कथित अमर्यादित आचरण और महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामले को लेकर प्रदर्शन किया। कमिश्नर कार्यालय के सामने प्रदर्शन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने डीएम कार्यालय तक मार्च निकाला। भाजपा नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस सांसद के मामले में कांग्रेस नेतृत्व चुप्पी साधे हुए है। भाजपा ने मांग की है कि संबंधित प्रकरण में निष्पक्ष जांच कर जवाबदेही तय की जाए और महिलाओं को न्याय दिया जाए। प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा रश्मि रावल ने कहा कि कांग्रेस सांसद के कृत्य के खिलाफ यह हुंकार है। मातृशक्ति का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा महिला सशक्तीकरण के लिए काम कर रही है, जबकि कांग्रेस महिलाओं के सम्मान पर दोहरा मापदंड अपना रही है। महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला ने कहा कि भाजपा सांसद बिमोल अकोइजम के खिलाफ कार्रवाई की मांग करती है। महिलाओं की गरिमा से जुड़े मामले में कांग्रेस की चुप्पी सवाल खड़े करती है। प्रदेश मंत्री एवं महानगर प्रभारी डॉ. प्रमेंद्र जांगड़ा ने कहा कि नारी शक्ति राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला है। महिलाओं को सुरक्षित वातावरण और सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी है। प्रदर्शन में विधायक रितेश गुप्ता, महापौर विनोद अग्रवाल, एमएलसी गोपाल अंजान, गौसेवा आयोग सदस्य दीपक गोयल, आकाश पाल, अल्पना गुप्ता, रंजना शर्मा, नीरज गुप्ता, मीडिया प्रभारी अर्चित गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)