झांसी GRP-RPF ने पकड़ी 3 करोड़ की चांदी:चार बोरों में भरे मिले 113 किलो चांदी के जेवर, कहां से लाया कहां ले जा रहा था किसी को नहीं पता
झांसी वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर सोमवार को आरपीएफ की क्राइम विंग और स्टेशन पोस्ट की संयुक्त टीम ने ट्रेन से 133.17 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए। चार सफेद प्लास्टिक के बोरों में रखे इन आभूषणों की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 55 लाख 31 हजार 628 रुपये बताई गई है। टीम ने इस मामले में मध्य प्रदेश के शिवपुरी निवासी 22 वर्षीय नारद तोमर को पकड़ा। बाद में बरामद चांदी और युवक को आगे की कार्रवाई के लिए राज्य कर विभाग यानी जीएसटी की सचलदल इकाई को सौंप दिया गया। चार बोरों में भरकर ले जा रहा था चांदी रेलवे सुरक्षा बल को आगामी त्योहारों के मद्देनजर स्टेशन और ट्रेनों में संदिग्ध व्यक्तियों व वस्तुओं की जांच के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 19 अक्टूबर को आरपीएफ की क्राइम विंग झांसी और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पोस्ट की टीम ने सूचना के आधार पर ट्रेन नंबर 20806 एपी एक्सप्रेस में जांच की। इस दौरान टीम को चार सफेद प्लास्टिक के बोरे मिले। इनकी जांच करने पर डिब्बों और पन्नी में रखे चांदी के आभूषण बरामद हुए। टीम ने आभूषणों के साथ मौजूद युवक को पकड़ लिया। बरामद चांदी का कुल वजन 133.17 किलोग्राम पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत 2,55,31,628 रुपये आंकी गई है। टंच कराने के बाद तय होगी असली कीमत पकड़े गए युवक की पहचान नारद तोमर, पुत्र हनुमंत तोमर, निवासी ग्राम मोटिन, थाना अमोला, जिला शिवपुरी, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। बरामद चांदी की वास्तविक कीमत अधिकृत टंच संस्था से मूल्यांकन कराने के बाद तय की जाएगी। मामले की जानकारी मिलने पर राज्य कर विभाग, झांसी की सचलदल पंचम इकाई के सहायक आयुक्त आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। आवश्यक वजन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद आभूषण और संबंधित युवक को विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। अब राज्य कर विभाग मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा। झांसी, ग्वालियर की टीम ने मिलकर की कार्रवाई इस संयुक्त कार्रवाई में आरपीएफ की डिटेक्टिव विंग झांसी से निरीक्षक ओम प्रकाश, सहायक उपनिरीक्षक नवीन कुमार, प्रधान आरक्षक उमेश कुमार और आरक्षक सुरेंद्र सिंह बिष्ट शामिल रहे। स्टेशन पोस्ट झांसी से निरीक्षक बबलू कुमार, उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह यादव, उपनिरीक्षक अंकित कुमार, आरक्षक संतोष कुमार, दशरथ सिंह और विकास गुर्जर ने कार्रवाई में भाग लिया। ग्वालियर पोस्ट के आरक्षक विजय शर्मा और क्राइम विंग ग्वालियर के अंकित कुमार ने भी सहयोग किया। आरपीएफ के अनुसार, त्योहारों के दौरान स्टेशन और ट्रेनों में संदिग्ध व्यक्तियों तथा सामान की जांच की जा रही है। इसका उद्देश्य रेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)