झांसी में मंत्री नन्दी बोले-हार से बौखलाए हैं अखिलेश यादव:कहा-उनके या पार्टियों के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कहने पर नहीं चलेगा चुनाव आयोग

Oct 06, 2026 - 19:00
0
झांसी में मंत्री नन्दी बोले-हार से बौखलाए हैं अखिलेश यादव:कहा-उनके या पार्टियों के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कहने पर नहीं चलेगा चुनाव आयोग
झांसी में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के वन नेशन, वन इलेक्शन को लेकर दिए बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव या किसी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कहने पर चुनाव आयोग नहीं चलेगा। चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और संविधान व लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुसार काम करता है। इसलिए उन्हें चुनाव आयोग पर टिप्पणी करने से बचना चाहिए। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, प्रवासी भारतीय और निवेश प्रोत्साहन विभाग के मंत्री नंदी मंगलवार को झांसी में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा करने पहुंचे थे। जनसभा के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी का नाम लिए बिना पिछली सरकार पर जमकर निशाना साधा। पिछली सरकार में परिवार का ही विकास हुआ नंदी ने कहा कि पिछली सरकार में परिवार का ही विकास होता था। चाचा-भतीजे का भला किया जाता था। इसके बाद जाति और धर्म की राजनीति शुरू हुई और मुस्लिम तुष्टिकरण किया गया। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड को लंबे समय तक पिछड़ा, कमजोर और अछूत मानकर छोड़ दिया गया। यहां केवल नोट और वोट की राजनीति होती रही। उन्होंने कहा कि आज नोएडा के 50 साल बाद उसी तर्ज पर झांसी में बुंदेलखंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी तैयार हो रहा है। भाजपा और योगी आदित्यनाथ की सरकार में पूरे प्रदेश का विकास हो रहा है। नंदी बोले-अखिलेश उल्टा बोलना छोड़ें जनसभा के बाद पत्रकारों से बातचीत में नंदी ने अखिलेश यादव के चुनाव आयोग को लेकर दिए बयान पर कहा कि उन्हें चुनाव आयोग को उल्टा बोलने से बचना चाहिए। चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है। किसी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष या नेता उसे सीख नहीं दे सकते और न ही आयोग किसी के कहने पर चलता है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुसार काम करता है। अखिलेश यादव के बयानों पर निशाना साधते हुए नंदी ने कहा कि सुबह कुछ, दोपहर कुछ और शाम कुछ बयान दिए जाते हैं। उनके पास कुछ नहीं है तो चुनाव आयोग को लेकर लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसे अपनी हार की बौखलाहट बताया। गंगोत्री से गंगासागर तक कार्यकर्ताओं की मेहनत नंदी ने कहा कि अगर पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी का परचम लहरा रहा है तो इसके पीछे भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत है। कार्यकर्ता गंगोत्री से गंगासागर तक चिलचिलाती धूप और बर्फीली ठंड में काम करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और उन्हीं की मेहनत से पार्टी लगातार मजबूत हो रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User