झांसी में मरोरी बापू ने सुनाई संगीतमय रामकथा:भक्त बोले-अलौकिक रहा आयोजन, 950 भक्त स्पेशल ट्रेन में चल रहे साथ
झांसी के क्राफ्ट मेला मैदान में शुक्रवार को सुप्रसिद्ध कथावाचक मोरारी बापू ने भगवान राम की कथा का वाचन किया। सुबह तय समय 10 बजे वह आयोजन स्थल पहुंचे। यहां सांसद अनुराग शर्मा ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मोरारी बापू ने ओम का जाप कराया। दोपहर 1.30 बजे उन्होंने कथा कहना शुरू की तो पंडाल में राम नाम की गूंज सुनाई देने लगी। सैकड़ों भक्त रामधुन में डूबे नजर आए। भगवान राम के आदर्शों पर चलते हुए परमात्मा को पाने का मार्ग बताया तो भक्त भावुक हो उठे और भक्ति में लीन हो गए। मोरारी बापू स्पेशल ट्रेन से झांसी पहुंचे थे। उनके साथ भारत स्वाभिमान यात्रा में 950 श्रद्धालु भी आए हैं। करीब तीन घंटे तक चली संगीतमय रामकथा दोपहर 3.30 बजे तक चली। कथा के समापन के बाद मोरारी बापू ने भक्तों को दर्शन दिए और आशीर्वाद दिया। मंच से उनके प्रस्थान के समय उनकी एक झलक पाने के लिए भक्त आतुर नजर आए। कोई मोरारी बापू के लिए अपने हाथों से लड्डू बनाकर लाया था तो कोई उन्हें रामायण भेंट करने पहुंचा था। हालांकि, अधिक भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था के चलते भक्त उन तक नहीं पहुंच पाए। इसके बावजूद मोरारी बापू ने कार में बैठे-बैठे ही भक्तों को आशीर्वाद दिया। कथा के बाद मौन धारण कर रवाना हुए बापू करीब साढ़े तीन घंटे तक आयोजन स्थल पर रहे मोरारी बापू ने रामकथा के बाद मौन धारण कर लिया। इसके बाद वह कार में बैठकर आगे की यात्रा के लिए रवाना हो गए। उनके जाने के दौरान भी भक्त उनकी एक झलक पाने के लिए उत्सुक दिखाई दिए। कई भक्त हाथ जोड़कर खड़े रहे और बापू से आशीर्वाद लेते नजर आए। शहर के लोगों की रही कमी मोरारी बापू की रामकथा सुनने के लिए क्राफ्ट मेला मैदान में शहर के लोगों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। आयोजन स्थल पर सबसे ज्यादा भीड़ उनके साथ भारत स्वाभिमान यात्रा में आए श्रद्धालुओं की नजर आई। शहर के लोगों की कम मौजूदगी का एक बड़ा कारण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार नहीं होना बताया जा रहा है। भक्त बोले- बापू की कृपा से यात्रा में शामिल होने का मिला मौका मोरारी बापू के साथ आए 950 श्रद्धालुओं में गुजरात के अहमदाबाद निवासी डॉक्टर कीर्ति कुमार सोनी भी अपनी पत्नी के साथ यात्रा में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि बापू की कृपा से यात्रा में शामिल होने के लिए उनका नंबर आ गया। उन्होंने बताया कि यात्रा के अगले पड़ाव में भी वह शामिल रहेंगे। गुजरात से ही यात्रा में शामिल हुईं भक्त जानकी ने बताया कि वह यात्रा की शुरुआत से ही मोरारी बापू के साथ हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान जहां भी जा रहे हैं, वहां बहुत आनंद आ रहा है। बापू के साथ यात्रा करने का मौका मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि झांसी के बारे में अब तक सिर्फ सुना था, लेकिन आज इसे देखने का भी मौका मिल गया। यात्रा में उन्हें बिल्कुल भी थकान महसूस नहीं हो रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)