नशामुक्त युवा-विकसित भारत’ अभियान:छात्र-छात्राओं को फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली, आत्मरक्षा और स्वावलंबन की जानकारी दी
देवरिया के रुद्रपुर में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में ‘नशामुक्त युवा-विकसित भारत’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम किया गया। रामजी सहाय पीजी कॉलेज के सुमित्रा सभागार में हुए कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने, फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली, आत्मरक्षा और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य रीतू शाही व अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। रीतू शाही ने युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि स्वस्थ और सशक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। प्राचार्य प्रो. बृजेश कुमार पांडे के संरक्षण में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम व ध्यान का अभ्यास कराया। नशामुक्ति सत्र में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर महिला मोर्चा अध्यक्ष आराधना पांडेय, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष डॉ. सावित्री राय, महिला कल्याण विभाग की मनोवैज्ञानिक मीनू जायसवाल, विकास कुमार व संतोष यादव समेत शिक्षक, कर्मचारी, एनएसएस स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। संचालन सुधीर दीक्षित ने किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)