झांसी में शराब पिलाकर पत्नी की हत्या की:चकना बनाने के लिए कहा तो गाली देने लगी, सिर में हसिया मारकर छत से नीचे फेंका
झांसी में एक युवक ने शराब पिलाकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। वह शराब के 4 पाउच लेकर आया था। दो पाउच शराब पीकर पत्नी लेट गई, जब उसने चकना बनाने के लिए कहा तो पत्नी ने मना कर दिया और गाली देने लगी। झगड़ा बढ़ने पर पति ने हसिया से सिर पर वार किया और फिर पत्नी को छत से नीचे फेंक दिया। शराब पीकर पति सो गया। सुबह नींद खुलने पर पत्नी नीचे मृत पड़ी थी। पति ने सबको बताया कि छत से गिरने से पत्नी की मौत हो गई। पुलिस ने भी हादसा मान लिया। मगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हंसिया की चोट मिली। जब पति से पूछताछ की गई तो उसने हत्या करना स्वीकार लिया। शनिवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उससे वारदात में इस्तेमाल हसिया बरामद हुआ था। पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पति की मौत के बाद दोस्त से शादी की मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर निवासी गीताबाई कहार के अनुसार, मेरी बेटी दीपमाला (27) की शादी सुरेश कहार के साथ हुई थी। उनके दो बेटे अनंत (6) और आरंभ (4) हैं। 14 जनवरी 2026 को सुरेश की मौत हो गई। उसके साथ बबीना के नयाखेड़ा बड़ेरा निवासी लालाराम आदिवासी (32) काम करता था। पति की मौत के बाद दीपमाला और लालाराम की दोस्ती हो गई। दोनों पति-पत्नी की तरह रहने गले। दोनों कोतवाली क्षेत्र के अंजनि माता मंदिर के पास रहते थे और कारोबारी छोटू राय के पास काम करते थे। दीपमाला शराब पीने की शौकीन हो गई थी। दिन में ही शराब मांग रही थी दीपमाला एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया- 14 अक्टूबर आरोपी लालाराम ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंट भरकर ले जा रहा था। साथ में उसकी पत्नी दीपमाला भी थी। वो दिन में ही शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगी। मना करने पर गाली गलौच कर बदतमीजी की। तब आरोपी ने शाम को शराब पिलाने का वादा किया। शाम को आरोपी शराब के 4 पाउच लाया। प्यास के साथ दो पाउच पीकर दीपमाला लेट गई, जबकि आरोपी की शराब बच थी। उसने पत्नी को प्याज का चकना बनाने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। इस बात पर विवाद होने लगा। तब आरोपी हसिया से प्याज काटने लगा। इस दौरान दीपमाला गाली देने लगी। तब आरोपी ने हसिया से उसके सिर वार कर दिया। इस पर पत्नी उलझने लगी। तब आरोपी ने उसे छत से धक्का दे दिया। वह शराब पीकर सो गया। सबको बताया कि छत से गिर गई एसपी सिटी ने आगे बताया- अगले दिन 15 अक्टूबर को आरोपी लालराम की नींद खुली तो पत्नी दीपमाला नीचे मृत पड़ी थी। तब उसने हसिया झाड़ियों में छुपा दिया। साथी अरुण को बताया कि पत्नी छत से गिर गई। अरुण की मदद से शव को घर के अंदर रख लिया और मालिक छोटू राय को सूचना दी। छोटू राय ने दीपमाला की मां गीताबाई और पुलिस को सूचना दी। आरोपी ने सबको यही कहानी बताई कि पत्नी छत से गिर गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में हसिया की चोट मिली। तब मां गीताबाई की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया। शनिवार को कोतवाल अंजन कुमार सिंह, उन्नाव गेट चौकी प्रभारी अमित तोमर समेत पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी लालाराम को हसिया के साथ गिरफ्तार कर लिया। तब उसने पूरा सच उगल दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)