झांसी में समीकरण साध रहे सपा MLC:शनिवार को दाखिल करेंगे पर्चा, एक दिन पहले पार्टी पदाधिकारियों से किया मंथन

Oct 02, 2026 - 17:31
0
झांसी में समीकरण साध रहे सपा MLC:शनिवार को दाखिल करेंगे पर्चा, एक दिन पहले पार्टी पदाधिकारियों से किया मंथन
झांसी में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर झांसी में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। नामांकन से एक दिन पहले समाजवादी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी डॉ. मान सिंह यादव ने शुक्रवार को पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव को लेकर मंथन किया। बैठक में नामांकन और आगे की चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। डॉ. मान सिंह यादव शनिवार को झांसी कमिश्नरी पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस बार डॉ. मान सिंह यादव के सामने भारतीय जनता पार्टी ने अशोक कुमार राठौर को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। भाजपा ने 29 सितंबर को राठौर के नाम की घोषणा की थी। राठौर मूल रूप से जालौन के रहने वाले हैं और माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के प्रदेश प्रधान सचिव रह चुके हैं। गांधी जयंती पर बंद रही नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार दो अक्टूबर को गांधी जयंती का अवकाश होने के कारण कमिश्नरी में नामांकन प्रक्रिया नहीं हुई। नामांकन पत्र खरीदने और प्रक्रिया में शामिल होने पहुंचे कई दावेदारों को छुट्टी के कारण वापस लौटना पड़ा। अब शनिवार को कमिश्नरी खुलने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया फिर शुरू होगी। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन की प्रक्रिया छह अक्टूबर तक चलेगी। सात अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि नौ अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 23 अक्टूबर को और मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। कमिश्नरी में सुरक्षा के इंतजाम नामांकन को देखते हुए झांसी कमिश्नरी कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। पुलिस और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट की निगरानी में आने-जाने वालों की जांच की जा रही है। कमिश्नरी में दो चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जबकि महिला दावेदारों की जांच के लिए अलग बूथ की व्यवस्था की गई है। 6 दिसंबर को पूरा होगा कार्यकाल समाजवादी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी और एमएलसी डॉक्टर मानसिंह यादव का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को पूरा हो रहा है। ऐसे में निर्वाचन आयोग ने इलाहाबाद-झांसी खण्ड में स्नातक शिक्षक विधायक चुनाव की घोषणा की है। समाजवादी पार्टी केंद्र की राजनीति में कांग्रेस के साथ है, लेकिन गुरुवार को कांग्रेस के दावेदार के लिए खरीदे गए नामांकन पत्र ने मानसिंह यादव राह मुश्किल बना दी है। हालांकि कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी की अभी तक घोषणा नहीं की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User