झांसी में सरकारी टीचर का शव फंदे पर लटका मिला:परिजन बोले- TET नहीं निकाल पाए तो डिप्रेशन में थे, दो बार फेल हो चुके थे

Sep 27, 2026 - 17:29
0
झांसी में सरकारी टीचर का शव फंदे पर लटका मिला:परिजन बोले- TET नहीं निकाल पाए तो डिप्रेशन में थे, दो बार फेल हो चुके थे
झांसी में रविवार को एक सरकारी स्कूल के टीचर का शव फंदे पर लटका मिला। परिजन शव को फंदे से उतारकर सीएचसी ले गए। जहां पर डॉक्टरों ने योगेंद्र सिंह यादव (53) को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि लगभग 21 साल पहले सरकारी नौकरी लगी थी। अब TET एग्जाम पास करना अनिवार्य कर दिया। योगेंद्र दो बार TET एग्जाम दे चुके थे, लेकिन निकाल नहीं पाए। इस वजह से वह डिप्रेशन में चल रहे थे। आज सुबह लगभग 8 बजे कमरे में जाकर पंखे के लॉक पर रस्सी का फंदा बनाकर झूल गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला पूंछ थाना क्षेत्र के काशीपुरा गांव का है। संपन्न परिवार से थे, पत्नी शिक्षामित्र योगेंद्र सिंह यादव (53) पुत्र रामप्यारे यादव पूंछ के काशीपुरा गांव के रहने वाले थे। वह संपन्न परिवार से थे। परिवार में दो बेटी और एक बेटा है। दोनों बेटी अंजू और स्वेता की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा शिवेंद्र अविवाहित है। योगेंद्र घर से लगभग दो किलोमीटर दूर खरैला गांव के कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय में टीचर थे। उनकी पत्नी ममता भी गांव के स्कूल में शिक्षामित्र हैं। मृतक के भतीजे नीशू यादव ने बताया- मेरे चाचा योगेंद्र सिंह ने 2005 में नौकरी ज्वाइन की थी। अब टेट अनिवार्य कर दिया। पढ़ने के लिए ढेर सारी किताबें लाए थे। आरोप है कि दो बार टेट एग्जाम नहीं निकाल पाए। इसको लेकर वो बहुत परेशान रहने लगे थे। दो महीने पहले हुए टेट एक्जाम न निकाल पाने के बाद वो डिप्रेशन में चले गए। परिजन फंदे से उतारकर अस्पताल लाए भतीजे नीशू यादव ने आगे बताया- रविवार को स्कूल की छुट्‌टी थी, इसलिए चाचा घर पर थे। चाची ममता रसोई में थी और बेटा शिवेंद्र बाहर गया था। इस दौरान चाचा ऊपर वाले कमरे में चले गए। थोड़ी देर बाद बेटा घर आया तो कमरे के अंदर चाचा पंखे की कुंडी पर रस्सी से फंदा बनाकर लटके हुए थे। यह देख बेटे की चीख निकल गई। तब परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। आनन फानन में उनको फंदे से नीचे उतारा और मोंठ सीएचसी लेकर आए। यहां पर डॉक्टरों ने चाचा को मृत घोषित कर दिया। योगेंद्र की मौत के बाद घर में मातम छाया है। काफी संख्या में मिलने वाले पहुंच गए। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला पूंछ थाना प्रभारी विघासागर ने बताया- योगेंद्र सिंह यादव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User