जनक मंच पर जनक-सुनयना ने उतारी सिया-राम की आरती:सूर्य तिलक से दमके प्रभु, महल परिसर में गूंजा जय श्रीराम

Oct 08, 2026 - 09:57
0
जनक मंच पर जनक-सुनयना ने उतारी सिया-राम की आरती:सूर्य तिलक से दमके प्रभु, महल परिसर में गूंजा जय श्रीराम
भावना एस्टेट में बुधवार शाम श्रीराम बरात के पहुंचते ही जनकपुरी महोत्सव राममय हो गया। गणपति किंग्स काउंटी से लेकर जनक मंच तक बरात का पुष्पवर्षा और आरती से स्वागत हुआ। मंच पर प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूप विराजे तो जय श्रीराम के जयघोष गूंज उठे। राजा जनक अशोक कुमार गोयल और रानी सुनयना लता गोयल ने मंच पर राम-सीता सहित चारों स्वरूपों की आरती उतारी। जनकपुरी की विद्युत सज्जा, जनक महल, रामायण प्रसंगों की झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मिथिला का अहसास कराया। अयोध्या से चली श्रीराम की बरात के भावना एस्टेट पहुंचने पर गणपति किंग्स काउंटी में स्वागत किया गया। स्थानीय महिलाओं ने मंगल थाल सजाकर दूल्हा बने श्रीराम की आरती उतारी। श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूपों पर पुष्पवर्षा की गई। इसके बाद बरात कावेरी कौस्तुभ पहुंची, जहां स्थानीय निवासियों ने भी आरती और पुष्पवर्षा से स्वागत किया। चारों स्वरूपों ने यहां विश्राम किया। जनक मंच पर प्रभु श्रीराम सूर्य तिलक और दिव्य मुकुट के साथ चारों भाइयों के साथ विराजे। उनके साथ माता सीता, राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल और रानी कौशल्या के स्वरूप नीता सिंघल भी मंच पर मौजूद रहे। राजा जनक अशोक कुमार गोयल, रानी सुनयना लता गोयल, जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव और अनीता यादव ने सभी स्वरूपों की आरती उतारी। इस दौरान पूरा परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंजता रहा। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवयित्री डॉ. रुचि चतुर्वेदी ने काव्य प्रस्तुति दी। “देखो अपने रामलला मिथिला आए हैं, हमारे राम आ गए हैं…” की पंक्तियों पर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। मंच संचालन डॉ. रुचि चतुर्वेदी और दीपक जैन ने किया। केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि आगरा की रामलीला की परंपरा 149 वर्ष पुरानी है। उन्होंने कहा कि आगरा की रामबरात को केवल उत्तर भारत की सबसे बड़ी रामबरात कहना पर्याप्त नहीं है, यह पूरे भारत की सबसे भव्य रामबरात के रूप में पहचान बना चुकी है। उन्होंने राम के आदर्शों को जीवन में उतारने की जरूरत बताई। जनकपुरी महोत्सव में जनक मंच के साथ सांस्कृतिक मंच भी आकर्षण का केंद्र रहा। ‘इंडिया गॉट टैलेंट’ की विशेष प्रस्तुति और गणेश वंदना ने दर्शकों को आकर्षित किया। परिसर में रामचरितमानस की चौपाइयां, रामायण प्रसंगों पर आधारित झांकियां और विद्युत सज्जा की गई थी। श्रद्धालु जनकपुरी की सजावट और राम-सीता के स्वरूपों की तस्वीरें मोबाइल में कैद करते नजर आए। कार्यक्रम में जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव, अजय अवागढ़, नरेंद्र सिंह सेंगर, अशोक गुप्ता, संजय गोयल, मनोज बंसल, संतोष कटारा, धर्मेश जैन, मनोज जादौन, हितेश लवानियां, अरविंद शर्मा, आकाश ग्वाला, पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी सहित समिति के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User