UPPSC संस्कृत सहायक अध्यापक भर्ती का रिजल्ट जारी:पुरुष-महिला शाखा के 182 अभ्यर्थी चयनित; 2,772 ने दी थी मुख्य परीक्षा
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने संस्कृत विषय के सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (TGT) पुरुष और महिला शाखा की मुख्य परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी के अनुसार, 182 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया है। भर्ती प्रक्रिया के तहत 7 दिसंबर 2025 को प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें कुल 26,273 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। प्रारंभिक परीक्षा के आधार पर 2,772 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया था। इसके बाद 23 अप्रैल 2026 को मुख्य परीक्षा आयोजित की गई। अब आयोग ने इसका अंतिम परिणाम जारी किया है। पुरुष की 90 और महिला की 92 सीटों पर चयन आयोग के अनुसार संस्कृत विषय के लिए 4 समूहों के तहत पद विज्ञापित किए गए थे। इनमें ग्रुप-1 के पुरुष और महिला शाखा का परिणाम जारी किया गया है। आयोग ने इन अभ्यर्थियों को औपबंधिक रूप से सफल घोषित किया है। ग्रुप-2 और 3 का परिणाम अभी नहीं आयोग ने बताया कि ग्रुप-2 और ग्रुप-3 के लिए मुख्य परीक्षा में दो प्रश्नपत्र निर्धारित हैं। इनमें दूसरे प्रश्नपत्र की परीक्षा अभी होना बाकी है। दूसरे प्रश्नपत्र की परीक्षा पूरी होने के बाद इन दोनों समूहों का अंतिम परिणाम नियमानुसार जारी किया जाएगा। ग्रुप-4 में एक अनारक्षित रिक्ति के लिए कोई अर्ह अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हो सका। इसके चलते यह सीट अनभरी रह गई है। आयोग ने इस रिक्ति को नियमानुसार 'अग्रेनीत' (Carry Forward) कर दिया है। प्रमाण-पत्र सत्यापन के बाद भेजी जाएगी संस्तुति UPPSC ने स्पष्ट किया है कि जारी किया गया चयन परिणाम पूर्णतया औपबंधिक है। सभी सफल अभ्यर्थियों के मूल प्रमाण-पत्रों का मिलान और सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन में अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्र सही पाए जाने के बाद ही उनकी नियुक्ति के लिए संस्तुति भेजी जाएगी। मूल प्रमाण-पत्रों के सत्यापन की प्रक्रिया के संबंध में आयोग अलग से विज्ञप्ति जारी करेगा। अभ्यर्थियों के प्राप्तांक और श्रेणीवार कट-ऑफ अंक अभी जारी नहीं किए गए हैं। आयोग के अनुसार ग्रुप-2 और ग्रुप-3 का अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद सभी संबंधित जानकारी आयोग की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)