जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 7 के छात्र से रैगिंग:कमरे में बंद कर सीनियर छात्रों ने पीटा, पिता ने SP से की शिकायत
कन्नौज में जवाहर नवोदय विद्यालय अनौगी में मंगलवार शाम कक्षा 7 के छात्र से मारपीट का मामला सामने आया था। छात्र का आरोप है कि सीनियर छात्रों ने उसे कमरे में बंद कर पीटा था। इससे उसके चेहरे, पीठ और पैर में चोटें आईं। अब छात्र के पिता ने पुलिस पर शिकायत के बाद भी मेडिकल नहीं कराने का आरोप लगाया है। बुधवार दोपहर डेढ़ बजे छात्र और उसके पिता ने एसपी विनोद कुमार से शिकायत की। एसपी ने जांच का भरोसा दिया है। मोबाइल उठाने पर सीनियर छात्रों से हुआ विवाद गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के अनौगी गांव में जवाहर नवोदय विद्यालय है। तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के पचौर गांव निवासी संजीव कुमार का बेटा शौर्य प्रताप सिंह यहां कक्षा 7 में पढ़ता है। मंगलवार शाम करीब 6 बजे वह खेलकर अपने कमरे की ओर जा रहा था। रास्ते में उसे एक मोबाइल पड़ा मिला। शौर्य मोबाइल को प्रिंसिपल ऑफिस में जमा करने जा रहा था। इसी दौरान इंटरमीडिएट के कुछ छात्र वहां पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने शौर्य से मोबाइल छीन लिया। मोबाइल को लेकर पूछताछ के दौरान विवाद हो गया। कमरे में ले जाकर मारपीट का आरोप शौर्य के मुताबिक उसने बताया कि स्कूल में मोबाइल रखना मना है। इसलिए वह इसे प्रिंसिपल ऑफिस में जमा करने जा रहा था। आरोप है कि यह सुनकर एक सीनियर छात्र भड़क गया। उसने मोबाइल अपना बताते हुए शौर्य के साथ मारपीट की।आरोप है कि इसके बाद शौर्य को खींचकर हाउस में ले जाया गया। वहां इंटरमीडिएट के अन्य छात्रों ने भी उसकी पिटाई की। मारपीट में छात्र चोटिल हो गया। रात 11 बजे पिता छात्र को लेकर कोतवाली पहुंचे स्कूल स्टाफ को घटना की जानकारी मिली तो छात्र के पिता संजीव कुमार को फोन किया गया। इसके बाद वह विद्यालय पहुंचे और बेटे को लेकर रात करीब 11 बजे गुरसहायगंज कोतवाली गए। संजीव का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को पूरी घटना बताई। लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। उनका आरोप है कि कोतवाली प्रभारी ने उनकी बात पूरी तरह सुने बिना ही उन्हें वहां से भेज दिया। मेडिकल जांच नहीं कराने का आरोप संजीव कुमार का आरोप है कि पिटाई से बेटे के चेहरे, पीठ और पैर में चोटें आई हैं। उन्होंने पुलिस से छात्र का मेडिकल कराने की मांग की। आरोप है कि पुलिस ने मेडिकल कराने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद छात्र और उसके पिता पुलिस कार्यालय पहुंचे। यहां एसपी विनोद कुमार से मामले की शिकायत की गई। एसपी ने जांच कराने का भरोसा दिया है। प्रिंसिपल बोले- रैगिंग का मामला, अभिभावकों को बुलाया जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रिंसिपल संदेश कुमार पांडेय ने बताया कि यह रैगिंग का मामला है। आरोपी छात्रों के अभिभावकों को विद्यालय बुलाया गया है। मामले की रिपोर्ट अधिकारियों के सामने प्रस्तुत की जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। प्रिंसिपल ने बताया कि विद्यालय में मोबाइल लाने की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद छात्रों के पास मोबाइल कैसे पहुंचा, इसकी भी जांच कराई जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)