ज्वैलर्स की दुकान से चोरी 37.50 किलो जेवरात बरामद:शामली पुलिस दो आरोपियों को पकड़ा, पेड़ के सहारे छत पर चढ़े थे
शामली में नाला पटरी स्थित उमा ज्वैलर्स की दुकान की छत तोड़कर आभूषण चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोतवाली शामली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। उनके कब्जे से चोरी किए गए 37.50 किलोग्राम सफेद धातु के आभूषण बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी कई दिनों से बाजार में घूमकर दुकानों की रेकी कर रहे थे। चोरी के बाद उन्होंने आभूषण नाले के पास मिट्टी में दबा दिए थे। पेड़ के सहारे छत पर चढ़े, सब्बल से तोड़ी छत पुलिस के मुताबिक, 13 और 14 अक्टूबर की रात मोहल्ला गुजरातियान निवासी दीपक वर्मा की नाला पटरी स्थित उमा ज्वैलर्स की दुकान में चोरी हुई थी। अज्ञात चोर दुकान की छत तोड़कर अंदर घुसे और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। दीपक वर्मा की तहरीर पर कोतवाली शामली में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे के लिए एसपी एनपी सिंह ने पुलिस टीमों को निर्देश दिए थे। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो बाल अपचारियों को पकड़ लिया। सुबह होने के डर से मिट्टी में दबाया माल पुलिस के अनुसार, बाल अपचारी अपने साथियों के साथ बाजार में घूमकर दुकानों की रेकी करते थे। कई दिनों तक निगरानी करने के बाद उन्होंने उमा ज्वैलर्स को निशाना बनाया। वारदात वाली रात आरोपी नाले के रास्ते दुकान के पीछे पहुंचे और पेड़ के सहारे छत पर चढ़ गए। इसके बाद लोहे के सब्बल से छत तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और आभूषण चोरी कर लिए। पुलिस का कहना है कि सुबह होने के डर से आरोपियों ने चोरी का माल नाले के पास मिट्टी में दबा दिया था। सोमवार को वे आभूषण निकालकर बेचने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें सती माता मंदिर से आगे जिला अस्पताल जाने वाले कच्चे रास्ते पर पकड़ लिया। एक बाल अपचारी पर पहले से तीन मुकदमे पुलिस के प्रेस नोट के अनुसार, पकड़े गए बाल अपचारियों में से एक के खिलाफ आदर्श मंडी थाने में चोरी से संबंधित दो मुकदमे और कोतवाली शामली में एक मुकदमा पहले से दर्ज है। बरामदगी के बाद पुलिस दोनों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)