जयकारों से गूंजे देवी मंदिर:नवरात्र के दूसरे दिन भक्तों ने की मां ब्रह्मचारिणी की आराधना, सुख-समृद्धि मांगी

Oct 12, 2026 - 17:15
0
जयकारों से गूंजे देवी मंदिर:नवरात्र के दूसरे दिन भक्तों ने की मां ब्रह्मचारिणी की आराधना, सुख-समृद्धि मांगी
देवरिया के रुद्रपुर में शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को नगर सहित आसपास के तमाम देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आस्था और भक्तिभाव से ओत-प्रोत श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के द्वितीय स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। नगर के दुग्धेश्वर नाथ वार्ड स्थित दुर्गा मंदिर, लाला टोली वार्ड के शीतला माता मंदिर और गोला वार्ड स्थित मां पहाड़ सिंह भगौती देवी मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने वालों में महिलाओं और युवतियों की संख्या खासी अधिक रही। कई श्रद्धालु हाथों में पूजा की थाली लिए श्रद्धापूर्वक अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। नगर के अलावा ग्रामीण अंचलों के मंदिरों में भी आस्था का ऐसा ही नजारा दिखा। क्षेत्र के प्रसिद्ध करमेल स्थित मां करमेल देवी मंदिर, तिवई स्थित मां परम सुंदरी देवी मंदिर और सहनकोट देवी मंदिर में पूरे दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। भक्तों ने माता को फूल-माला, नारियल, चुनरी और प्रसाद अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। ब्रह्मचारिणी शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन मां दुर्गा के ब्रह्मचारिणी स्वरूप की पूजा का विधान है। मां ब्रह्मचारिणी को तप, त्याग, संयम और साधना का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि इनकी आराधना करने से साधक को धैर्य, आत्मविश्वास और मन की असीम शांति प्राप्त होती है। इसी आस्था के साथ भक्तों ने व्रत रखकर मां की आराधना की और दुर्गा सप्तशती का पाठ किया। शाम को हुई आरती में भी भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User