कैंट में कार की टक्कर से राहगीर की मौत:सवार फरार, तीसरे दिन भी पहचान नहीं; दरोगा की शिकायत पर केस दर्ज
कानपुर के कैंट थानाक्षेत्र में सर्किट हाउस के पास बुधवार देर रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से करीब 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दीवार से टकरा गई, जिससे उसका पहिया जाम हो गया। आरोप है कि कार सवार 2-3 लोग घायल को छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दरोगा विनोद कुमार दिनकर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के तीसरे दिन भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी। प्रत्यक्षदर्शी शाहरुख और मुकेश के अनुसार, बुधवार देर रात सर्किट हाउस के पास तेज रफ्तार कार ने सड़क से गुजर रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर दीवार से जा भिड़ी। टक्कर के कारण कार का पहिया जाम हो गया। आरोप है कि कार में सवार दो से तीन लोग घायल की मदद करने के बजाय मौके से भाग निकले। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। मृतक के पास से फल की टोकरी मिली है। इसके आधार पर पुलिस उसके फल बेचने या इससे जुड़े काम करने की आशंका जताते हुए पहचान कराने में जुटी है। हालांकि, तीसरे दिन भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। जांच में सामने आया कि हादसे में शामिल कार हरबंशमोहाल निवासी अनस के नाम पर दर्ज है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि कार सवारों की पहचान कर उनके फरार होने का रास्ता पता लगाया जा सके। क्षेत्र में चालक के नशे में होने की चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। थाना प्रभारी अरविंद राय ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश के साथ मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)