कानूनगो के सामने किसान को लोहे की रॉड से पीटा:मैनपुरी में तमंचे से फायरिंग का आरोप, शिकायत पर जांच करने पहुंचे थे कानूनगो, जान बचाकर भागे

Oct 17, 2026 - 12:04
0
कानूनगो के सामने किसान को लोहे की रॉड से पीटा:मैनपुरी में तमंचे से फायरिंग का आरोप, शिकायत पर जांच करने पहुंचे थे कानूनगो, जान बचाकर भागे
मैनपुरी में औंछा थाना क्षेत्र में खेत से जुड़ी शिकायत की जांच करने पहुंचे कानूनगो की मौजूदगी में दबंगों ने किसान पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने किसान को लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। किसान को बचाने पहुंचे ग्रामीण पर तमंचे से फायरिंग करने का भी आरोप है। हमले के दौरान कानूनगो को भी अपने ड्राइवर के साथ मौके से जान बचाकर भागना पड़ा। घटना शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे की है। शनिवार सुबह घटना का वीडियो सामने आया। जांच के दौरान किसान पर किया हमला औंछा थाना क्षेत्र के ग्राम ईसई सराय, पोस्ट अचलपुर निवासी शैलेश कुमार जैन के मुताबिक, उनके खेत से जुड़ी शिकायत पर एसडीएम के निर्देश पर कानूनगो वसंत कुमार दुबे अपने सहायक के साथ जांच करने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने एकजुट होकर उन पर हमला कर दिया। शैलेश ने योगेंद्र सिंह यादव, रामू, राजेंद्र, सोहित और आशू पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उन्हें खेत में गिराकर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से पीटा। शरीर के अन्य हिस्सों के अलावा प्राइवेट पार्ट पर भी लात-घूंसों और डंडों से वार किए गए। हमले के बीच कानूनगो वसंत कुमार दुबे अपने ड्राइवर के साथ मौके से भाग निकले। हालत बिगड़ी तो जिला अस्पताल किया रेफर घायल शैलेश ने बताया कि हमलावरों ने उन्हें बुरी तरह पीटा। किसी तरह वह अपनी जान बचाकर वहां से निकल पाए। इसके बाद उन्हें औंछा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। वीडियो बनाने पर ग्रामीण को धमकाया पीड़ित के मुताबिक, मौके पर मौजूद सुशील कुमार पुत्र दौलतराम घटना का वीडियो बनाने लगा तो आरोपियों ने उसके साथ जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि हमलावरों ने सुशील पर तमंचे से फायर भी किया। मारपीट और फायरिंग की घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। 18 घंटे बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप पीड़ित पक्ष ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। शैलेश का आरोप है कि घटना के करीब 18 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण नहीं कराया और न ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। उन्होंने औंछा थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User