कैफे में बार-बालाओं का डांस, हुक्का बार का वीडियो:जालौन में युवक उड़ाते दिखे रुपए, पुलिस ने शुरू की जांच

Sep 29, 2026 - 17:58
0
कैफे में बार-बालाओं का डांस, हुक्का बार का वीडियो:जालौन में युवक उड़ाते दिखे रुपए, पुलिस ने शुरू की जांच
जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र के सुशील नगर इलाके में स्थित एक कैफे-रेस्टोरेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में कैफे के अंदर कथित तौर पर बार-बालाओं के डांस का आयोजन होता दिखाई दे रहा है। डांस के दौरान कुछ युवक रुपये उड़ाते नजर आ रहे हैं। इसी के साथ कैफे के अंदर हुक्का संचालित किए जाने का वीडियो मंगलवार शाम 5:00 बजे सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो उरई के सुशील नगर में स्थित डी ब्लैक वेंचर पॉइंट कैफे-रेस्टोरेंट का है। वीडियो में एक हॉलनुमा स्थान पर युवतियों के डांस के दौरान कुछ युवक उनके आसपास खड़े दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान कुछ युवक रुपये उड़ाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद कैफे में इस तरह की गतिविधियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वहीं सोशल मीडिया पर सामने आए एक अन्य वीडियो में कैफे के अंदर हुक्का पीते लोग दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि कैफे में नाबालिग लड़कों को भी हुक्का पिलाया जाता है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे स्थान एवं लोगों की पहचान की जांच कर रही है। वायरल वीडियो के बाद कैफे में हुक्का संचालन के लिए किसी प्रकार की वैध अनुमति है या नहीं, इसे लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कैफे में डांस कार्यक्रम का आयोजन किन परिस्थितियों में किया गया और इसके लिए संबंधित विभागों से कोई अनुमति ली गई थी या नहीं। सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा शुरू हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामला उरई कोतवाली क्षेत्र के सुशील नगर का है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User