कांच से मर्डर लिखने पर पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा:सपा नेता भी पहुंचीं, परिजनों का आरोप- साजिश के तहत केस कमजोर कर रही पुलिस

Oct 04, 2026 - 19:09
0
कांच से मर्डर लिखने पर पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा:सपा नेता भी पहुंचीं, परिजनों का आरोप- साजिश के तहत केस कमजोर कर रही पुलिस
अलीगंज के पुरनिया पुल के पास शनिवार को हुई अभिषेक कुमार अवस्थी (पिकअप चालक) की हत्या के मामले में रविवार को पोस्टमार्टम हाउस पर जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने पुलिस पर पंचनामा भरने में गड़बड़ी का आरोप लगाया। उनका कहना था कि अभिषेक की हत्या सीने में कैंची घोंपकर की गई है, जबकि पुलिस ने कागजों में कैंची की जगह 'कांच की गोली' लिख दिया ताकि मामला कमजोर हो सके। परिजनों के कड़े विरोध और हंगामे के बाद पुलिस ने पंचनामे में सुधार किया, जिसके बाद परिजन शव लेकर अपने पैतृक गांव सीतापुर रवाना हुए। लूडो का विवाद नहीं, भाड़े को लेकर थी पुरानी रंजिश पुलिस की शुरुआती जांच में मामला लूडो खेलने के दौरान हुए विवाद का बताया जा रहा था, लेकिन मृतक के भाई सौरभ अवस्थी ने इसे खारिज कर दिया। सौरभ का आरोप है कि हत्या की वजह पुरानी रंजिश है। 1 अक्टूबर को हुआ था विवाद अभिषेक का 1 अक्टूबर को पुरनिया पुल के पास मुर्गी फार्म के पिकअप चालक प्रदीप सिंह से भाड़े को लेकर झगड़ा हुआ था। शनिवार शाम को जब अभिषेक भाई सौरभ के साथ जा रहा था, तभी पांडेय वकील ने उसे रोक लिया। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद प्रदीप सिंह, रिंकू सिंह, सुदीप सिंह और बबलू सिंह ने उसे गाड़ी से नीचे घसीट लिया और जबरन शराब पिलाकर मारपीट की। इसके बाद प्रदीप सिंह ने अभिषेक के सीने में कैंची घोंप दी। सौरभ के शोर मचाने पर भीड़ जुटी तो आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस पर लापरवाही का आरोप, 5 पर केस दर्ज मृतक के मौसेरे भाई शिवम शुक्ल ने आरोप लगाया कि पुलिस ने शुरुआत से ही ढिलाई बरती। अगर अभिषेक को सही समय पर अस्पताल पहुंचा दिया जाता, तो शायद उसकी जान बच जाती। सौरभ की तहरीर पर पुलिस ने पांडेय वकील, प्रदीप सिंह, रिंकू सिंह, सुदीप सिंह और बबलू सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपी प्रदीप सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, हंगामे की सूचना मिलने पर सपा नेता पूजा शुक्ला पोस्टमार्टम हाउस पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया और पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User