'कांग्रेस हारी तो EVM खराब, जीत पर सब ठीक':प्रयागराज में भाजपा का SIR- मुख्य चुनाव आयुक्त पर उठे सवालों पर पलटवार

Sep 28, 2026 - 17:26
0
'कांग्रेस हारी तो EVM खराब, जीत पर सब ठीक':प्रयागराज में भाजपा का SIR- मुख्य चुनाव आयुक्त पर उठे सवालों पर पलटवार
EVM, चुनाव आयोग और अब मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस के सवालों पर भाजपा ने पलटवार किया है। प्रयागराज के मेयर गणेश केशरवानी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव हारने पर EVM पर सवाल उठाए जाते हैं, जबकि जीत होने पर सब कुछ ठीक नजर आता है। कांग्रेस के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार को घेरने के लिए अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए चुनाव आयोग और SIR को निशाना बनाया जा रहा है। सोमवार को भाजपा महानगर कार्यालय में मेयर, जिला पंचायत अध्यक्ष वीके सिंह और महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति और SIR को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर करारा जवाब दिया। कहा कि SIR कोई नई प्रक्रिया नहीं है और देश में पहले भी कई बार मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया अपनाई गई है। जब चुनाव आयोग को मतदाता सूची को दुरुस्त करने और पात्र मतदाताओं के नाम सुनिश्चित करने की जरूरत महसूस होती है, तब ऐसी प्रक्रिया की जाती है। 'कांग्रेस जीतती तो SIR पर सवाल नहीं उठाती' मेयर ने कहा कि अगर चुनावी परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आते तो शायद SIR को लेकर इस तरह के सवाल नहीं उठाए जाते। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार चुनावों में जनता के समर्थन में कमी के बाद कांग्रेस अब अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने के लिए चुनाव आयोग को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की लगातार चुनावी जीत के पीछे जनता का समर्थन है। जनता विकास, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त शासन चाहती है और इसी वजह से भाजपा को चुनावों में समर्थन मिल रहा है। ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति से पहले भी भाजपा जीती मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति को लेकर उठ रहे सवालों पर मेयर ने कहा कि उनकी नियुक्ति संवैधानिक प्रक्रिया के तहत हुई है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति से पहले भी भाजपा ने कई चुनाव जीते हैं और नियुक्ति के बाद भी जीत हासिल की है। ऐसे में भाजपा की चुनावी सफलता को केवल चुनाव आयोग की नियुक्ति से जोड़ना उचित नहीं है। कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उस पर इस तरह के सवाल उठाकर जनता के बीच भ्रम पैदा करने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए। भाजपा की जीत की एकमात्र वजह जनता का समर्थन मेयर ने कांग्रेस की ओर से EVM की विश्वसनीयता पर उठाए जाने वाले सवालों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम अपने पक्ष में न आने पर EVM को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार चुनाव जीत रही है तो इसका कारण जनता का समर्थन है। गरीबों, किसानों और मजदूरों के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों को आवास, शौचालय और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने काम किया है। 'मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेस के पास मुद्दा नहीं' मेयर ने कहा कि कांग्रेस के पास भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। इसलिए वह EVM, SIR और चुनाव आयोग जैसे मुद्दों के जरिए जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता विकास और मजबूत अर्थव्यवस्था चाहती है। उनके मुताबिक केंद्र सरकार इसी दिशा में काम कर रही है और भाजपा को मिलने वाला चुनावी समर्थन जनता की इसी अपेक्षा का परिणाम है। युवा सतर्क रहें, कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड देखें मेयर ने युवाओं से कांग्रेस के राजनीतिक ट्रैक रिकॉर्ड को देखने की अपील की। उन्होंने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। साथ ही विदेशी फंडिंग के माध्यम से देश में अस्थिरता पैदा करने का भी आरोप लगाया। कहा कि युवाओं को राजनीतिक दलों के दावों को उनके कामकाज और पुराने रिकॉर्ड के आधार पर परखना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को लेकर सतर्क रहने की अपील की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में गंगापार जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User