कांग्रेस ने 'ज्ञानेश कुमार' को जंजीरों में जकड़ा:INDIA गठबंधन ने ब्लैक डे मनाते हुए वोट बचाओ-देश बचाओ के लगाए नारे

Oct 08, 2026 - 18:14
0
कांग्रेस ने 'ज्ञानेश कुमार' को जंजीरों में जकड़ा:INDIA गठबंधन ने ब्लैक डे मनाते हुए वोट बचाओ-देश बचाओ के लगाए नारे
कानपुर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस और INDIA गठबंधन ने गुरुवार को ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च निकाला। फूलबाग स्थित डॉ. आंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। इसके बाद कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बांहों पर काली पट्टी बांधकर चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा की मांग उठाई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाया 'ब्लैक डे' मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस की ओर से लगातार आंदोलन को तेज किया जा रहा है। दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी समेत तमाम नेता सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस समेत विपक्षी दलों की ओर से सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही है। वहीं कानपुर में भी कांग्रेस ने विपक्षी INDIA गठबंधन के सांसदों के साथ कथित बदसलूकी के विरोध में ‘काला दिवस’ मनाते हुए पैदल मार्च निकाला है। सीईसी 'ज्ञानेश कुमार' को जंजीरों से बांधा प्रदर्शन का नेतृत्व कानपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एवं INDIA गठबंधन के कानपुर संयोजक पवन गुप्ता ने किया। मार्च के दौरान सबसे अलग दृश्य तब देखने को मिला, जब ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने ज्ञानेश कुमार का मुखौटा लगाए एक युवक को जंजीरों में बांधकर प्रतीकात्मक रूप से अपने साथ खींचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करो’ और ‘ज्ञानेश कुमार को जेल भेजो’ जैसे नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदान की निष्पक्षता को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ कथित बदसलूकी की भी निंदा की। चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठाए गंभीर सवाल पवन गुप्ता ने कहा कि देश में चुनावी प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मामले में झूठ पकड़ा जा चुका है और देश उनके खिलाफ कार्रवाई चाहता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान प्रक्रिया का निष्पक्ष और पारदर्शी होना बेहद जरूरी है। मार्च में कांग्रेस के साथ CPM, शिवसेना, NCP और CPI के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। गठबंधन नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के लिए सभी दलों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। प्रदर्शन में निजामुद्दीन खान, प्रतिभा पाल, नरेश त्रिपाठी, आलोक मिश्रा, मदनमोहन शुक्ला, हरप्रकाश अग्निहोत्री, उमाकांत, धीरेन्द्र प्रताप सिंह, सैयद नकवी समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User