कांग्रेस ने वोटर सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाया:सोनभद्र में प्रदर्शन कर CEC के इस्तीफे की मांग की
सोनभद्र में जिला और शहर कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता जिला कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च कर चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने CEC का पुतला जलाने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने रोक दिया। बाद में अपर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा गया। जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड ने कहा कि राहुल गांधी की ओर से उठाए गए ‘वोट चोरी’ के मुद्दे ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के नाम पर पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए उनकी बर्खास्तगी और पूरे मामले की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने बिहार और पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान वोटों में कथित गड़बड़ी और मतदाता सूची में बदलाव का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि जिन चुनावों में अनियमितता के आरोप हैं, उनकी जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो। साथ ही संबंधित चुनावों को निरस्त कर दोबारा चुनाव कराने की मांग भी उठाई। शहर अध्यक्ष फरीद अहमद ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता पर सवाल उठना लोकतंत्र के लिए गंभीर विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों में गड़बड़ी कर भाजपा को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। चुनाव आयोग की ओर से एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर आधिकारिक मतदाता सेवाओं और मतदाता सूची संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। आयोग ने स्वयं को चुनाव प्रक्रिया संचालित करने वाली स्वायत्त संवैधानिक संस्था बताया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)