फर्जी नंबर प्लेट वाले ट्रकों से बालू-गिट्टी की ढुलाई:प्रयागराज में अभियान चलाकर खान अधिकारी और आरटीओ ने पकड़े 52 ट्रक
प्रयागराज में बालू व गिट्टी के अवैध खनन और परिवहन में लगे ट्रकों के फर्जीवाड़े का खेल उजागर हुआ है। बालू और गिट्टी के परिवहन में लगे कई ट्रक बिना नंबर प्लेट और फर्जी नंबरों के चल रहे हैं। शिकायत के बाद प्रशासन के निर्देश पर खान अधिकारी और आरटीओ की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की तो 52 ट्रकों को पकड़ा। इसमें 10 ट्रक फर्जी नंबर, 26 ट्रक बिना नंबर और 16 ट्रक बिना रवन्ना वाले पकड़े गए। इन सभी खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई की गई है। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) उपमा पांडेय के अनुपालन में टॉस्क फोर्स ने 23 से 27 सितंबर तक जिले की विभिन्न तहसीलों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। 5 दिनों तक चली इस कड़ी कार्रवाई में 19 वाहनों को सीधे थानों में सीज किया गया, जबकि 33 वाहनों का भारी-भरकम ऑनलाइन चालान काटा गया। फर्जी नंबर प्लेट और बिना नंबर के दौड़ रहे थे 36 ट्रक
परिवहन विभाग (आरटीओ) की जांच में सबसे चौंकाने वाली बात सामने आई। जांच के दौरान 10 ट्रक ऐसे मिले, जो फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेधड़क बालू और गिट्टी की ढुलाई कर रहे थे। आरटीओ प्रवर्तन एसपी सिंह की टीम ने इन दसों ट्रकों को तत्काल सीज कर थानों की सुपुर्दगी में दे दिया है। इसके अलावा सड़कों पर बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहे 26 अन्य ट्रकों का मौके पर ही चालान किया गया। रवन्ना और ओवरलोडिंग के खेल में 16 पर खान विभाग का एक्शन
ज्येष्ठ खान अधिकारी केके राय के नेतृत्व में खनन विभाग की टीम ने बिना परिवहन प्रपत्र (रवन्ना) और क्षमता से अधिक माल (ओवरलोड) लादकर जा रहे 16 ट्रकों पर कार्रवाई की। इनमें से नियम तोड़ने वाले 6 ट्रकों को मेजा थाने और 3 ट्रकों को जॉर्ज टाउन थाने में सीज कराकर खड़ा कराया गया, जबकि 7 अन्य ट्रकों का ऑनलाइन चालान काटा गया। प्रयागराज की खदानों से रोजाना सैकड़ों ट्रकों के जरिए प्रदेश के कोने-कोने में बालू, गिट्टी और सिलिका सैंड की आपूर्ति होती है। कई वाहन स्वामी और खनन माफिया बिना ई-रवन्ना कटवाए और फर्जी नंबरों के जरिए सरकारी राजस्व को लाखों की चपत लगा रहे थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)