'कांग्रेस पार्टी का विनाश होने वाला है':गोंडा में बृजभूषण शरण सिंह बोले- पीएम का भाग्य ऐसा, ये लोग कभी उनका सामना नहीं कर पाएंगे
गोंडा में शनिवार को पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, कांग्रेस पार्टी का विनाश होने वाला है। इसलिए वहां वामपंथी, दक्षिणपंथी और दूसरे लोग पहुंच रहे हैं। पीएम मोदी का भाग्य ऐसा है कि ये लोग कभी उनका सामना नहीं कर पाएंगे। उन्होंने पंजाब में युवाओं के नशे की गिरफ्त में आने को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गुरुओं, किसानों और देशभक्तों की भूमि पंजाब को सरकार ने नशा भूमि बनाकर रख दिया है। नशे का कारोबार सरकार के संरक्षण में फल-फूल रहा है। हालांकि, केंद्रीय गृह मंत्री ने पंजाब को नशामुक्त करने का संकल्प लिया है और वह इसे पूरा करके रहेंगे। बृजभूषण शरण सिंह शनिवार दोपहर करीब 1 बजे गोंडा जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने पंजाब में नशे के मुद्दे के साथ देश में आंदोलनों, उद्योगपति एलन मस्क और कांग्रेस को लेकर भी बयान दिए। 'पंजाब को नशा भूमि बनाकर रख दिया' बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, 'पंजाब वीर भूमि है, गुरुओं की भूमि है, शहादत की भूमि है और किसानों की भूमि है। खेलों में भी उसका अलग इतिहास रहा है। जलियांवाला बाग की घटना हुई, हजारों लोगों ने शहादत दी। भगत सिंह और उधम सिंह जैसे क्रांतिकारी पंजाब में पैदा हुए।' उन्होंने कहा कि आज आम आदमी पार्टी की सरकार ने गुरुओं, किसानों और देशभक्तों की इस भूमि को नशा भूमि बनाकर रख दिया है। पंजाब ऐसा प्रदेश है, जिस पर पूरा देश गर्व करता है। खाद्यान्न के क्षेत्र में भी पंजाब का देश में सबसे बड़ा योगदान है। पूर्व सांसद ने आरोप लगाया कि नशे का कारोबार कोई छोटा-मोटा धंधा नहीं है, बल्कि बहुत बड़ा कारोबार है, जो सरकार के संरक्षण में फल-फूल रहा है। उन्होंने नशामुक्ति के लिए काम करने वाले एक व्यक्ति की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में हत्याएं हो सकती हैं, लेकिन केंद्रीय गृह मंत्री का पंजाब को नशामुक्त करने का संकल्प पूरा होगा। 'भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे आंदोलनकारी' बृजभूषण शरण सिंह ने आंदोलनों को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वह पहले भी कह चुके हैं कि कुछ आंदोलन अपने बताए गए मुद्दों के लिए नहीं, बल्कि भारत को अस्थिर करने और देश की अर्थव्यवस्था को डगमगाने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये आंदोलन महंगाई, किसानों के समर्थन, बेरोजगारी या शिक्षा के उत्थान के लिए नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि इन आंदोलनों में किसी विदेशी का हाथ है और वह इस बात को सबसे पहले उठा चुके हैं। कनॉट प्लेस में छुट्टी के दिन होने वाले प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि छुट्टी के दिन वहां खरीदारी और बिक्री ज्यादा होती है। उनके मुताबिक, ऐसे प्रदर्शनों से देश की अर्थव्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि संविधान, न्यायपालिका और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले किसी भी व्यक्ति को ऐसे आंदोलनों की निंदा करनी चाहिए। कांग्रेस पर तंज- जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है कांग्रेस में नेहा बोरा को मिली जिम्मेदारी को लेकर भी बृजभूषण शरण सिंह ने तंज कसा। उन्होंने कहा, 'जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है।' उन्होंने कांग्रेस के भविष्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी का नाश होने वाला है, इसलिए वहां वामपंथी, दक्षिणपंथी और दूसरे लोग पहुंच रहे हैं। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि जो असाध्य काम है, उसे साधने की कोशिश की जा रही है। बृजभूषण ने कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाग्य ही ऐसा होगा कि कांग्रेस इस तरह की गतिविधियों के बावजूद उनका मुकाबला नहीं कर पाएगी। ………………………………………….. यह खबर भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा-घर में परिवार के 5 लोगों की लाशें मिलीं:इनमें पति-पत्नी और 3 बच्चे, बिस्तर पर बच्चों से लिपटे मिले; परिवार में प्रापर्टी विवाद था उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक परिवार के 5 लोगों की लाश घर में मिली है। इनमें पति-पत्नी और 3 बच्चे हैं। लाशें घर में बिस्तर पर मिलीं। शनिवार सुबह काफी देर तक परिवार नहीं उठा तो पड़ोसियों को शक हुआ। लोग पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखा तो पांचों बिस्तर पर दिखाई दिए। एक के मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस को सूचना दी। पुलिस घर में घुसी तो देखा कि चारपाई पर पिता की बेटे से लिपटी लाश थी। दूसरे बेड पर मां, छोटा बेटा और बेटी की लाश थी। मां बेटे से लिपटी थीं। यहां पढ़ें पूरी खबर
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)