कानपुर देहात में 11 घंटे से रुक-रुककर बारिश:बाजारों में सन्नाटा, सड़कों पर आवाजाही कम; कच्ची फसलों को नुकसान की चिंता
कानपुर देहात जिले में गुरुवार रात करीब तीन बजे से रुक-रुककर बारिश का सिलसिला शुक्रवार दोपहर तक जारी रहा। करीब 11 घंटे हुई बारिश के कारण मंगलपुर, झींझक, डेरापुर, गलुआपुर, नुनारी और आसपास के बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। सामान्य दिनों के मुकाबले सड़कों पर भी आवाजाही कम रही। वाहन और सवारी नहीं मिलने के कारण ऑटो और ई-रिक्शा चालक खाली बैठे नजर आए। लगातार बारिश के चलते आम जनजीवन प्रभावित रहा। बाजारों में दुकानों पर ग्राहक कम पहुंचे और लोग जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकले। बारिश के कारण मौसम में भी ठंडक बढ़ गई। पिछले दिनों उमस और गर्मी से परेशान लोगों को शुक्रवार को ठंड महसूस हुई। खड़ी फसलों को नुकसान की चिंता बारिश से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। किसान रविंद्र, धर्मेंद्र और आलोक ने बताया कि जिन फसलों की कटाई हो चुकी है, उनमें नुकसान की आशंका कम है। हालांकि खेतों में खड़ी और कच्ची फसलों पर बारिश का ज्यादा असर पड़ सकता है। लगातार बारिश से ऐसी फसलों के खराब होने की चिंता किसानों को सता रही है। 24 डिग्री तापमान, 95 फीसदी रही नमी मौसम की जानकारी के अनुसार शुक्रवार को क्षेत्र का तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की गति लगभग 23 किलोमीटर प्रति घंटा और नमी करीब 95 प्रतिशत रही। एयर क्वालिटी इंडेक्स 36 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे तक हल्की बूंदाबांदी जारी रहने की संभावना है। बारिश के कारण फिलहाल मौसम में ठंडक बनी हुई है और लोगों को उमस से राहत मिली है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)