कानपुर देहात में आधार केंद्र खुला, बिचौलियों की मनमानी रुकी:अकबरपुर में खुले केंद्र पर, रोज 350 लोगों को मिल रही सेवा
कानपुर देहात में आधार में छोटी सी गलती सुधारने के लिए अब लोगों को अलग-अलग जगहों के चक्कर लगाने और बिचौलियों के भरोसे रहने की जरूरत नहीं है। अकबरपुर में शुरू हुए आधार सेवा केंद्र पर रोजाना करीब 300 से 350 लोग पहुंच रहे हैं। सुबह आठ बजे से ही केंद्र के बाहर लंबी कतार लग रही है, जबकि केंद्र सुबह नौ बजे से शाम 5:30 बजे तक लोगों को सेवाएं दे रहा है। अकबरपुर-माती रोड पर बीएसए कार्यालय के सामने श्री श्याम लॉन के अपर ग्राउंड फ्लोर पर 26 जुलाई से शुरू हुए इस केंद्र पर आधार से जुड़ी कई सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध हैं। नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और ई-मेल अपडेट के साथ फोटो, बायोमेट्रिक और आधार प्रिंटिंग का काम भी किया जा रहा है। केंद्र सप्ताह के सातों दिन खुल रहा है, जिससे रविवार को भी लोगों को सुविधा मिल रही है। केंद्र शुरू होने से पहले आधार में संशोधन के लिए लोगों को बिचौलियों की मदद लेनी पड़ती थी। स्थानीय लोगों का दावा है कि छोटी-छोटी गलतियां सुधारने के नाम पर 500 रुपये तक मांगे जाते थे और जरूरी काम होने पर 1000 रुपये तक खर्च करने की स्थिति बन जाती थी। अब सीधे केंद्र पर निर्धारित शुल्क के साथ आवेदन होने से इस तरह की मनमानी पर काफी हद तक रोक लगी है। आधार संशोधन कराने पहुंची गौरव ने बताया कि उनके बेटे के आधार में जरूरी बदलाव करीब एक घंटे में हो गया। वहीं अनिता देवी ने केंद्र पर पहुंचकर अपना मोबाइल नंबर अपडेट कराया। केंद्र प्रबंधक आशीष तिवारी के मुताबिक, यहां नौ कर्मचारियों की टीम तैनात है और रोजाना करीब 300 से 350 लोगों के आधार संबंधी कार्य किए जा रहे हैं। ग्रामीण इलाकों से आने वाले लोगों को एक ही जगह अधिकांश सुविधाएं मिलने से समय और परेशानी दोनों बच रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)