सपा सरकार बनने पर पुरानी पेंशन-शिक्षामित्रों को समान वेतन:एमएलसी मानसिंह यादव ने जालौन में भाजपा पर साधा निशाना
उरई में प्रयागराज-झांसी स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी एवं एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव गुरुवार को उरई पहुंचे। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की। दोपहर 2 बजे प्रेस वार्ता में उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए अपने छह वर्ष के कार्यकाल और सपा के चुनावी मुद्दों को सामने रखा। डॉ. मानसिंह यादव ने कहा कि 23 अक्टूबर को होने वाले स्नातक एमएलसी चुनाव में 10 जिले शामिल हैं। पार्टी स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेदारियां बांटी जा रही हैं और चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि अपने छह वर्ष के कार्यकाल में वित्तविहीन शिक्षकों, पुरानी पेंशन, शिक्षामित्रों, पेपर लीक, अनुदेशकों और ग्राम रोजगार सेवकों समेत विभिन्न वर्गों की समस्याओं को सदन में प्रमुखता से उठाया। बोले- स्थायी समाधान सत्ता पक्ष ही कर सकता है एमएलसी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इन समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नहीं रही। उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहते हुए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष किया जा सकता है, लेकिन समस्याओं का स्थायी समाधान सत्ता पक्ष ही कर सकता है। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर बेरोजगार युवाओं और शिक्षकों से जुड़े मुद्दों का स्थायी समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। आउटसोर्सिंग की जगह नियमित सरकारी भर्तियां, वित्तविहीन शिक्षकों को सम्मानजनक मानदेय और सेवा पुस्तिका देने की बात कही। पुरानी पेंशन और शिक्षामित्रों का मुद्दा उठाया डॉ. यादव ने पुरानी पेंशन बहाली और 1.76 लाख शिक्षामित्रों को समान कार्य के लिए समान वेतन देने का प्रयास करने की बात कही। इसके अलावा एडवोकेट प्रोटेक्शन लॉ लागू करने और माध्यमिक विद्यालयों से जुड़ी धाराओं को बहाल करने की बात भी कही। भाजपा प्रत्याशी के भाई पर डमी प्रत्याशी का आरोप भाजपा प्रत्याशी के भाई पर डमी प्रत्याशी खड़ा कराने के आरोपों पर डॉ. यादव ने कहा कि एक महिला के पति पर कथित दबाव डालकर पर्चा दाखिल कराया गया है। उन्होंने इसे चुनावी साजिश बताते हुए आरोप लगाया कि संबंधित प्रत्याशी जनता के बीच सामने नहीं आ रहे हैं। हालांकि इन आरोपों पर दूसरे पक्ष का पक्ष सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि स्नातक एमएलसी चुनाव से जुड़े सभी मुद्दों को लेकर सपा गंभीर है। जनता के सहयोग से जीत मिलने पर इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी संघर्ष किया जाएगा। प्रेस वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर, पूर्व मंत्री हरिओम उपाध्याय, पूर्व मंत्री श्री रामपाल सहित दर्जनों सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)